‘लाइफ जैकेट होती तो बच सकती थीं जानें…’, हादसे के बाद सामने आई सिस्‍टम की लापरवाही

Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर के बरगी डैम में हुआ क्रूज हादसा अब केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि रूह कंपा देने वाली मानवीय त्रासदी बन चुका है. अब तक कई लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, तो वहीं इन सब के बीच बड़ी लापरवाही भी सामने आई है.
हादसे के बाद उठ रहे सवाल

हादसे के बाद उठ रहे सवाल

Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार (30 अप्रैल) को हुए हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. यहां गुरवार देर शाम  एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया. इसके कारण अब तक 9 लोगों की मौत हो गई तो वहीं कई लोग अभी भी लापता हैं. हादसे के बाद सिस्टम की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है. शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्रूज में सवार कुछ लोगों के पास लाइफ जैकेट  भी नहीं थी.

क्रूज जैसे ही हादसे का शिकार हुआ, वैसे ही जिन लोगों के पास लाइफ जैकेट थी, वे लोग बच गए. लेकिन जिन लोगों के पास लाइफ जैकेट नहीं थी, वे पानी में डूब गए तो वहीं कई लोग क्रूज में ही फंस गए. मतलब साफ है कि अगर बुनियादी सुरक्षा नियमों का पालन होता, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी.  

कैसे हुआ हादसा?

हादसे के वक्त क्रूज में करीब 30 लोग सवार थे.  अचानक मौसम बिगड़ा, तेज हवाएं चलीं और पानी में उठी लहरों ने नाव का संतुलन बिगाड़ दिया. देखते ही देखते क्रूज पलट गया. इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

लाइफ जैकेट होती तो बच जाती जान

इस घटना का सबसे चौंकाने वाली बात यह भी है कि यात्रियों को समय पर लाइफ जैकेट नहीं दी गई. कई रिपोर्ट्स में सामने आया कि जब नाव डूबने लगी, तब जाकर जैकेट बांटी गईं. जो कि आपात स्थिति में लगभग बेकार साबित हुईं.  कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया कि कई लोग बिना लाइफ जैकेट के ही पानी में कूद गए, जिससे डूबने का खतरा और बढ़ गया.

यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की गतिविधियों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हों. इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार हादसे के बाद ही सुधार की बात होती है. जबकि जमीनी स्तर पर बदलाव नजर नहीं आता है. बहरहाल सरकार ने पूरे हादसे के जांच के आदेश दे दिए हैं. देखना होगा कि आने वाले दिनों में क्या एक्शन लिया जाता है.

ये भी पढ़ें: ‘ठूंस-ठूंसकर पर्यटकों को भरा गया…’, जबलपुर हादसे में रेस्क्यू किए गए शख्स का आरोप, भोपाल की घटना से नहीं लिया सबक

ज़रूर पढ़ें