भारतीय मूल के कनिष्क नारायण बने ब्रिटेन के पहले AI मंत्री, बिहार से निकला कनेक्शन
ब्रिटेन के पहले एआई मंत्री बने कनिष्क नारायण
Kanishka Narayan UK AI Minister: ब्रिटेन सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में भारतीय मूल के सांसद कनिष्क नारायण को बड़ी जिम्मेदारी दी है. कनिष्क नारायण को देश का पहला AI मंत्री नियुक्त किया है. कनिष्क नारायण बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं, जिन्होंने 2 साल पहले ही राजनीति में प्रवेश किया और वेल्स में वेल ऑफ ग्लैमॉर्गन के सांसद बने. कनिष्क ब्रिटेन के पूर्व पीएम कीर स्टारमर के कार्यकाल के दौरान AI और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री की जिम्मेदारी उठा रहे थे.
कौन हैं कनिष्क नारायण
ब्रिटेन में कनिष्क नारायण की इस वैश्विक उपलब्धि से न केवल मुजफ्फरपुर बल्कि पूरे बिहार और देश का नाम रोशन हुआ है. कनिष्क नारायण मुजफ्फरपुर के एसकेजे लॉ कॉलेज के निदेशक जयंत कुमार के भतीजे हैं. जैसे ही यह खबर जिलेवासियों को मिली, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. पूरे जिले में जश्न का माहौल बन गया. उनकी माता चेतना सिंहा तथा पिता संतोष कुमार वेल्स की राजधानी कार्डिफ में जाने-माने सॉलिसिटर के रूप में कार्यरत हैं. वहीं, उनके बड़े भाई गौतम नारायण लंदन में डॉक्टर हैं.
12 साल की उम्र में गए थे ब्रिटेन
कनिष्क नारायण ने अपनी तीसरी कक्षा तक की पढ़ाई जिले में ही एक स्कूल से की. इसके बाद वे 12 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ ब्रिटेन चले गए. आगे की स्कूली पढ़ाई उन्होंने ब्रिटेन से ही की. इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की. शिक्षा को लेकर उनका परिवार पहले से ही काफी एक्टिव रहा है.
ये भी पढ़ेंः जेपी नड्डा-जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से की मुलाकात, अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
ब्रिटेन के पहले AI मंत्री बनें कनिष्क
बता दें, साल 2024 के आम चुनाव में कनिष्क ने लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में वेल्स की वेल ऑफ ग्लैमरगन सीट से जीत दर्ज की थी. सांसद बनने के बाद उन्हें करीब 2 सालों बाद देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री बनाया गया. जानकारी के अनुसार, कनिष्क 25 सालों बाद अपने पैतृक आवास पर फरवरी 2026 में आए थे. उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में जश्न का माहौल है.