नेपाल के होटल में मिली रोशन आनंद के भाई प्रिंस की लाश, खान सर की कोचिंग पर हुए फायर‍िंग मामले में था आरोपी

Khan Sir Vs Roshan Anand Sir: ब‍िहार की राजधानी पटना में प‍िछले द‍िनों हुए कोचिंग विवाद में अब नया मोड़ आ गया है. इस मामले में अब रोशन आनंद के भाई प्र‍िंस यादव की मौत हो गई है. उसका शव नेपाल के एक होटल से बरामद हुआ है.
खान सर, प्र‍िंस यादव और रोशन आनंद

खान सर, प्र‍िंस यादव और रोशन आनंद

Khan Sir Vs Roshan Anand Sir: बिहार के चर्चित कोचिंग विवाद के बीच एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है. ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के संचालक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव होटल के कमरे से बरामद होने के बाद बिहार और नेपाल दोनों जगह इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

प्रिंस यादव का नाम हाल ही में पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में सामने आया था. पुलिस की तरफ से दर्ज एफआईआर में उन्हें भी आरोपी बनाया गया था. इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रहे थे. बताया जा रहा है कि वे बिहार छोड़कर नेपाल चले गए थे.

होटल के कमरे में मिला शव

प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर के एक होटल में ठहरे हुए थे. होटल कर्मचारियों को जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्होंने जांच की. इसके बाद कमरे के भीतर उनका शव मिला. स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू कर दी गई.

शुरुआत जांच में ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पहले से जेल में हैं बड़े भाई रौशन आनंद

प्रिंस यादव के बड़े भाई रौशन आनंद इन दिनों खान सर कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में हैं. जून की शुरुआत में पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) परिसर पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में उनका नाम सामने आया था. इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था.

क्या था खान सर कोचिंग विवाद?

2 जून को पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगा था. घटना में संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की खबरें भी सामने आई थीं. हालात बिगड़ने पर सुरक्षा गार्डों ने हवाई फायरिंग की थी. इस घटना के बाद बिहार के कोचिंग जगत में चल रही प्रतिस्पर्धा और विवाद खुलकर सामने आ गए थे.

ये भी पढ़ें: देहरादून में हिंदू युवक की हत्या से बवाल! आगजनी-पत्थरबाजी के बाद इंटरनेट बंद, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

ज़रूर पढ़ें