मुंबई में ATS का बड़ा एक्शन, जैश से कथित कनेक्शन के आरोप में रैपिडो राइडर गिरफ्तार
फाइल फोटो
Maharashtra ATS: महाराष्ट्र ATS ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 33 वर्षीय मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है. जांच एजेंसियों को शक है कि वह रैपीडो राइडर के तौर पर काम करने और इत्र बेचने की आड़ में अपनी गतिविधियां चला रहा था. हालांकि, उसके खिलाफ फिलहाल एटीएस जांच कर रही है. इसके लिए उसके मोबाइल और लैपटॉप को भी खंगाला जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गुप्त सूचना मिलने के बाद मुंबई के माहिम मेट्रो स्टेशन के पास पकड़ा गया है. ATS ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है. जिसके बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ माहिम पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है.
पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी के संपर्क में होने का शक
जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी पाकिस्तान के एक खुफिया अधिकारी के संपर्क में था. हालांकि, उसके संपर्कों और कथित आतंकी गतिविधियों को लेकर अभी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था.
गुजरात में भी पकड़े गए थे जैश से जुड़े 8 संदिग्ध
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ इससे पहले गुजरात ATS ने भी कार्रवाई की थी. जुलाई में गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से आठ लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी. गुजरात ATS के मुताबिक, ये लोग पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे. आरोप था कि वे गुजरात में संगठन का नेटवर्क तैयार करने और उसकी गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे.
पंजाब पुलिस ने भी पकड़ा था आतंकी मॉड्यूल
इससे पहले पंजाब पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक मॉड्यूल का खुलासा किया था. पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के दो भाइयों और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया था. इन पर मोहाली में एक वाहन चालक के अपहरण और हत्या के पुराने मामले में शामिल होने का आरोप था.
ये भी पढ़ें: कौन है हिमांशु भाऊ? FBI ने किया गिरफ्तार, भारत का मोस्ट वाटेंड, एल्विश के घर पर फायरिंग करवाने का आरोप