मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ कराने का आरोप, BJP नेताओं पर केस दर्ज

Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड में हुई रैली के बाद कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ कराने का आरोप लगाया गया. अब इस मामले में लगभग एक महीने बाद BJP नेताओं पर केस दर्ज किया गया है.
बीजेपी नेताओं पर केस दर्ज

बीजेपी नेताओं पर केस दर्ज

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ कराए जाने के मामले में केस दर्ज कर ल‍िया गया है. इस मामले में बेंगलुरु की विधान सौधा पुलिस ने उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की है. पुलिस ने यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की है.

दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक जनसभा को संबोधित किया था. शिकायत के मुताबिक, इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को बीजेपी से जुड़े कुछ लोगों ने उसी जगह पर कथित तौर पर धार्मिक अनुष्ठान कर ‘शुद्धिकरण’ किया था.

शिकायतकर्ता टीआर रामप्पा का आरोप है कि इस आयोजन से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि अनुसूचित जाति से आने वाले खड़गे की मौजूदगी के कारण रैली स्थल को ‘अपवित्र’ माना गया. उसके बाद वहां शुद्धिकरण कराया गया. इसी आधार पर शिकायत में इसे जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी.

किस-किस पर हुआ मामला दर्ज?

मामले में उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम भी शिकायत में शामिल है. आरोप है कि उन्होंने कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर मीडिया के सामने उसका बचाव किया था. पुलिस ने कानूनी राय लेने के बाद 4 सितंबर को FIR दर्ज की. मामले में भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.

कांग्रेस ने उठाया था मुद्दा

इस विवाद को लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी पर निशाना साध रही है. कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने भी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने शिकायत के बावजूद FIR दर्ज नहीं होने पर सवाल उठाए थे.

वहीं, बीजेपी और उत्तराखंड सरकार की ओर से कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया गया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि धार्मिक आयोजन को जातिगत भेदभाव से जोड़कर राजनीतिक विवाद खड़ा किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें:जेल में बंद कैदियों को सजा में मिलेगी एक महीने की छूट, जन्‍माष्टमी पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

ज़रूर पढ़ें