BSEB 10th Result: हौसलों ने दी हालातों को मात! टूटा-फूटा घर और पिता राज मिस्त्री, बेटी ने बनाई टॉप 5 में जगह
मैट्रिक की परीक्षा में 5वां स्थान हासिल करने वाली नसरीन.
BSEB 10th Result: कहते हैं कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती. अगर आपके हौसलें बुलंद हैं तो परिस्थितियां आप पर कभी हावी नहीं होती हैं. मेहनत के दम पर आप अपनी मंजिल तक पहुंच ही जाते हैं. कुछ इसी तरह का नजारा बिहार के भोजपुर जिले में देखनो को मिला. यहां पर एक राज मिस्त्री की बेटी ने बेहद विपरीत परिस्थितियों में भी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा में पांचवां स्थान हासिल किया है.
टूटा-फूटा घर, चूल्हे पर बनता है खाना
भोजपुर में गढ़हनी प्रखंड के रामदाहीन मिश्र उच्च विद्यालय की छात्रा नसरीन ने पूरे राज्य में टॉप 5 में जगह बनाई है. नसरीन ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा में 500 में से 486 अंक हासिल करके पूरे राज्य में पांचवां स्थान हासिल किया है. नसरीन ने सबसे ज्यादा विज्ञान में 98 अंक हासिल किए हैं. हालांकि नसरीन के लिए ये मुकाम हासिल करना इतना आसान नहीं था. नसरीन के पिता अली हसन मंसूरी राज मिस्त्री का काम करते हैं. घर टूटा-फूटा है. यहां तक कि घर के कोने में ही मवेशियों को बांधा जाता है. चूल्हे पर ही खाना बनता है. आम बच्चों की तरह घर में कोई भी बड़ी सुविधा नहीं हैं. हालांकि पिता अली हसन ने बेटी के हौसलों को कभी कम नहीं पड़ने दिया. हमेशा बेटी को बेहतर करने के लिए प्रेरित किया, जिसका परिणाम आज हम सबके सामने है.
‘मां ने दवा लेने के बजाय कोचिंग की फीस दे दी’
वहीं नसरीन की सफलता पर घर-परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लोग काफी खुश हैं. जहां पिता को अपनी बेटी पर गर्व है, वहीं मां की आंखों में खुशी के आंसू हैं. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा में पांचवां स्थान पाने वाली नसरीन ने बताया कि वो दिन में 8 घंटे तक पढ़ाई करती थीं. नसरीन ने आगे कहा, ‘माता-पिता ने हमेशा भरपूर सहयोग दिया है. यहां तक कि मां बीमार होने के बावजूद दवाई नहीं लाईं, लेकिन मेरी कोचिंग की फीस के पैसे हमेशा टाइम पर दिए. जिससे कि मेरी पढ़ाई में कोई रुकावट ना आए.’
वहीं नसरीन ने अपने सपनों के बारे में बात करते हुए बताया कि वह आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहती हैं, जिससे कि समाज की सेवा कर सकें. जहां एक ओर नसरीन की सफलता पर उनका परिवार खुश है, वहीं दूसरी ओर नसरीन की ये सफलता उन लोगों के लिए प्रेरण बन गई है, जो बुरे वक्त में हौसला छोड़ देते हैं.
ये भी पढे़ं: मोनालिसा की शादी को लव जिहाद बताने वाले सनोज मिश्रा बुरे फंसे! अब कहा- क्रिमिनल है फरमान