NEET पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मांगा स्थायी समाधान, केंद्र ने सिस्टम को बताया मजबूत

NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया. केंद्र ने अदालत को बताया कि प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए मजबूत इंतजाम किए गए हैं.
Supreme Court

सुप्रीम कोर्ट

NEET paper security: NEET-UG परीक्षा की व्यवस्था और पेपर लीक से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई. केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं. मौजूदा सिस्टम में सेंध लगाना आसान नहीं है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा व्यवस्था में स्थायी सुधार लागू करने पर जोर दिया.

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने कहा कि केवल नियम बना देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनका प्रभावी ढंग से पालन हो. अदालत ने इस दौरान UPSC की परीक्षा व्यवस्था का उदाहरण देते हुए NTA को भी अपनी प्रणाली को ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित बनाने की सलाह दी.

कोर्ट ने तकनीकी विशेषज्ञों पर दिया जोर

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को समय के साथ बदलती तकनीक और नई चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना होगा. इसके लिए ऐसे विशेषज्ञ अधिकारियों की जरूरत है, जो साइबर और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी नई तकनीकों को अच्छी तरह समझते हों.

अदालत ने केंद्र और NTA से परीक्षा व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की विस्तृत जानकारी भी मांगी है. दोनों पक्षों को नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई करीब तीन सप्ताह बाद होगी.

केंद्र ने गिनाए सुरक्षा के इंतजाम

केंद्र सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि NEET की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं. प्रश्नपत्र तैयार होने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के बीच उसकी निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

सरकार के मुताबिक, प्रश्नपत्रों के परिवहन में GPS जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. केंद्र ने अदालत को भरोसा दिलाया कि परीक्षा के लिए तैयार मौजूदा सुरक्षा तंत्र काफी मजबूत है. और उसमें अनधिकृत तरीके से प्रवेश करना बेहद कठिन है।

ये भी पढ़ें:ब‍िहार: राजभवन मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए तेजस्‍वी यादव, कार्यकर्ताओं ने तोड़ी बैरिकेडिंग

ज़रूर पढ़ें