सलमान खान के घर के बाहर अचानक हुआ कुछ ऐसा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की मौत से मचा हड़कंप
सलमान खान
Salman Khan Security Guard Death: मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई. अभिनेता की सुरक्षा में तैनात मुंबई पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने पुलिसकर्मी को मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है.
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान 41 वर्षीय गणेश रायते के रूप में हुई है. वह मुंबई पुलिस की LA-4 यूनिट में तैनात थे और सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थे.
ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और वह मौके पर ही गिर पड़े. वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
सलमान की सुरक्षा में हुए थे कइ बदलाव
सलमान खान की सुरक्षा पिछले कुछ समय से बेहद अहम मुद्दा रही है. अभिनेता को लंबे समय से जान से मारने की धमकियां मिलती रही हैं. इसी वजह से उनके घर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाती है. अप्रैल 2024 में भी उनके बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई थी. यही वजह है कि सलमान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई बदलाव किए गए थे.
सरकारी सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
सलमान खान की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की ड्यूटी के दौरान हुई अचानक मौत ने सभी को झकझोर दिया है. पुलिस मामले में आगे की औपचारिक कार्रवाई कर रही है. फिलहाल शुरुआती जांच में हार्ट अटैक को मौत की वजह माना जा रहा है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि विभाग की ओर से मृतक कांस्टेबल के परिवार को हर संभव मदद और मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही, सरकारी सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:‘2028 आने दीजिए…’, CM मोहन यादव ने बताया दतिया सीट में क्यों नहीं चला BJP का दांव?