जेब में 24 रुपये लेकर निकला दिहाड़ी मजदूर का बेटा बना करोड़पति, डेढ़ साल पहले छोड़ दिया था घर
भूषण ठाकरे-फोटो सोर्स: Youtube/SET India
एक मध्यमवर्गीय या कहें कि गरीब परिवार के बच्चे को करोड़पति बनने के लिए लंबा और कठिन संघर्ष करना पड़ता है. इसके बावजूद भी हर पर सफलता मिले ये संभव नहीं होता. लेकिन कई हुनरबाज ऐसे होते है जो आखिरी दम तक हार नहीं मानते और अपनी काबिलियत के दम पर अपना और अपने माता-पिता का सपना पूरा कर दिखाते हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही प्रतिभाशाली लड़के की कहानी बताने जा रहे है जिसकी सफलता एक मिसाल बन गई है.
महाराष्ट्र के भूषण ठाकरे की कहानी
ये कहानी है महाराष्ट्र के जलगांव जिले के छोटे से गांव बलवाड़ी के रहने वाले भूषण ठाकरे की. भूषण ठाकरे आईएएस ऑफिसर बनना चाहते है वह यूपीएससी की तैयारी भी कर रहे हैं लेकिन तैयारी के बीच में ही वह करोड़पति बन गए हैं. भूषण ठाकरे के पिता दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं. उनकी मां लंबे समय से बीमार रहती हैं, उनका महंगा इलाज भी चल रहा है और कई ऑपरेशन भी हो चुके हैं.
परिवार का खर्च उठाना भी मुश्किल
परिवार का खर्च उठाना पिता के लिए चुनौती बनता जा रहा है और ऐसे में भूषण का आईएएस बनने का सपना भी किसी चुनौती से कम नहीं. ऐसी स्थिति में भी उनके पिता ने 28 साल के भूषण का मनोबल गिरने नहीं दिया. उन्होंने हमेशा भूषण को सपोर्ट किया.
भूषण ने करीब डेढ़ साल पहले घर छोड़ दिया था. वे तब से अपने घर नहीं गए हैं. उस समय वह अपने घर से मात्र 24 रुपये लेकर निकले थे. उन्होंने ठान लिया है कि जब तक संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा क्रैक करके कुछ बन नहीं जाएंगे, तब तक घर नहीं जाएंगे. वे कुछ हासिल करने के बाद ही घर लौटेंगे.
केबीसी में जीते 1 करोड़ रुपये
कभी जेब में 24 रुपये लेकर घर से निकले UPSC एस्पिरेंट भूषण ठाकरे अब करोड़पति हैं. उन्होंने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ टीवी शो के सीजन 18 में एक करोड़ रुपये जीत लिए हैं. KBC के मेकर्स ने एक प्रोमो शेयर किया है, जिसमें सीजन 18 के पहले करोड़पति भूषण ठाकरे की कहानी दिखाई गई है.



