जब मेनका को छोड़ना पड़ा था गांधी परिवार का घर… टकराव पर सोनिया और ‘छोटी बहू’ के दावों में बड़ा फर्क

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च के साथ जैसे-जैसे इसके पन्ने पलटे जाने लगे, सभी की उत्सुकता मेनका और उनके रिश्तों को लेकर बढ़ने लगी. इसी बीच मेनका गांधी का एक पुराना इंटरव्यू भी वायरल हो रहा है.
maneka gandhi and sonia gandhi

मेनका गांधी और सोनिया गांधी

Belonging: A Journey of Love: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) 10 नवंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च हो गई है. इस किताब के लॉन्च होने के साथ ही सियासी गलियारों से लेकर आमजन तक के जेहन में ये जानने की उत्सुकता रही है कि इटली से आने वाली सोनिया का गांधी परिवार की बहू के तौर पर शुरुआती जीवन कैसा था. इस किताब में सोनिया गांधी ने राजीव से मुलाकात से लेकर तमाम राजनीतिक घटनाक्रमों, घर के सदस्यों के बारे में लिखा है. वहीं उन्होंने ये भी लिखा है कि उनकी देवरानी मेनका गांधी (संजय गांधी की पत्नी) से उनके रिश्ते कैसे थे.

हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित 526 पन्नों की किताब में मेनका के बारे में सोनिया गांधी बताती हैं, ‘वह (मेनका) बहुत बातें करने वाली और एक युवा जोश से भरी लड़की थी. कई बार मेनका की हंसी सुनकर मैं पास चली जाती थी और फिर उनकी बातें सुनती थी. प्रियंका भी अपनी चाची से घुली-मिली थीं और अक्सर उनके पास बैठकर ध्यान से कहानियां सुनती थीं. लेकिन धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा था और छोटी-छोटी बातों पर तनाव जैसी स्थिति हो जाती थी.’

‘मेनका की वजह से घर में होता था तनाव’

सोनिया लिखती हैं कि घर का स्टाफ उन्हें ‘बहूरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहू’ कहता था. उनकी नजर में हम दोनों घर की बेटियों के बराबर थीं. लेकिन मेनका को शायद यह ठीक नहीं लगता था और वह दोनों को अलग-अलग नामों से बुलाना खुद के लिए कमतर मानती थीं. सोनिया के मुताबिक, कई बार मेनका के लहजे में तल्खी होती थी, लेकिन वह घर की शांति के लिए चुप रह जाती थीं. हालांकि, वह कभी-कभी बात आगे बढ़ते देख सख्त लहजे में जवाब दे देती थीं. आगे अपनी किताब में सोनिया लिखती हैं कि जब मेनका संजय गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने लगीं, वह थोड़ी सहज दिखने लगी थीं.

sonia gandhi (2)
सोन‍िया गांधी और पूर्व पीएम राजीव गांधी

मेनका के घर से जाने के बारे में क्या है दावा

किताब के मुताबिक, संजय गांधी की प्लेन हादसे में मौत के बाद इंदिरा गांधी को लगता था कि मेनका को 23 साल की छोटी उम्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी देना ठीक नहीं है. उस वक्त मेनका का तीन महीने का छोटा बच्चा भी था, जिसे उनकी जरूरत थी. लेकिन मेनका की राजनीतिक महत्वकांक्षाएं कुछ और ही थीं. सोनिया के मुताबिक, जब इंदिरा गांधी लंदन के आधिकारिक दौरे पर थीं, उस वक्त उनको बताया गया कि मेनका गांधी घर से अपना सामान निकलवा रही हैं. लंदन से लौटते ही इंदिरा गांधी ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की. इंदिरा गांधी ने मेनका को दो विकल्प दिए- या तो अपनी राजनीतिक गतिविधियां रोक दें, जिन पर उन्हें आपत्ति है या फिर कहीं और रहें. इसके बाद मेनका ने एक लेटर लिखकर कई आरोप लगाए थे.

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब मेनका घर छोड़ रही थीं और इंदिरा गांधी से उनकी कहासुनी हुई थी, तब वे और राजीव गांधी घर पर नहीं थे. मेनका ने घर छोड़ने के लिए इंदिरा गांधी के साथ-साथ राजीव गांधी और उन्हें (सोनिया) को भी जिम्मेदार ठहराया था.

मेनका गांधी का पुराना इंटरव्यू वायरल

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च के साथ जैसे-जैसे इसके पन्ने पलटे जाने लगे, सभी की उत्सुकता मेनका और उनके रिश्तों को लेकर बढ़ने लगी. इसी बीच मेनका गांधी का एक पुराना इंटरव्यू भी वायरल हो रहा है. मेनका गांधी का 2003 का यह इंटरव्यू सिमी ग्रेवाल के टॉक शो- ‘रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल’ का हिस्सा है. इसमें मेनका गांधी ने संजय गांधी के निधन के बाद गांधी परिवार से अलग रहने की वजह बताई है. मेनका ने जो वजहें बताई हैं वो सोनिया गांधी के दावे के बिल्कुल ही विपरीत हैं.

‘संजय के निधन के बाद विरासत को लेकर चिंतित थीं इंदिरा’

मेनका गांधी कहती हैं. ‘संजय गांधी का जाना मेरे लिए बहुत बड़ा सदमा था. लेकिन इंदिरा गांधी भी संजय के इसकदर चले जाने से टूट गई थीं. उन्हें अपनी राजनीतिक विरासत की चिंता सताने लगी थी.’ वह कहती हैं कि संजय एक बेटे ही नहीं बल्कि वह इंदिरा के राजनीतिक सलाहकार और एक ‘हीरो’ की तरह थे. संजय के निधन बाद उनकी कमी को पूरा करने के लिए उन्हें राजीव गांधी के पास जाना पड़ा, जिनसे वे तीन सालों से बात भी नहीं कर रही थीं.

‘राजीव-सोनिया के आगे इंदिरा को झुकना पड़ा’

मेनका कहती हैं कि इस वजह से राजीव गांधी के परिवार की मांगों के आगे इंदिरा गांधी को झुकना पड़ा. उनकी सबसे बड़ी डिमांड थी कि मेनका गांधी को जाना होगा. अगर वे नहीं जाती हैं तो हम चले जाएंगे. मेनका के मुताबिक, इंदिरा गांधी को कई बातें माननी पड़ीं, जैसे वह (मेनका) कहीं जा नहीं सकती, एक टेबल पर बैठ नहीं सकतीं. वह कहती हैं, ‘मुझे लगा कि जितनी बेबस मैं हूं, उतनी ही लाचार मेरी सास (इंदिरा गांधी) भी हैं, हम दोनों एक तीसरे शख्स के पीड़ित बन गए.’

सोनिया गांधी के बारे में वह कहती हैं, ‘जहां तक मैं अपनी जेठानी को जानती हूं कि मुझे नापसंद करने जैसी कोई बात नहीं थी. ये प्रॉपर्टी की बात थी कि उसे जाना ही होगा, उसे कुछ नहीं मिलेगा.. और आखिर में मुझे जाना ही पड़ा. मेनका कहती हैं कि उन्हें कोई भी आर्थिक मदद नहीं दी गई.

ज़रूर पढ़ें