क्या दिल्ली जाएंगे देवेंद्र फडणवीस? संजय राउत बोले- देश को मिल सकता है नया शिक्षा मंत्री
संजय राउत और देवेंद्र फडणवीस
Sanjay Raut Statement : धर्मेद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उनकी जगह प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय सौंपा गया है. उनकी इस नियुक्ति के दिल्ली से लेकर मुंबई तक सियासी सरगर्मी तेज हो चली है. शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद पर प्रल्हाद जोशी की नियुक्ति फिलहाल अस्थायी व्यवस्था है. जल्द ही देश को नया शिक्षा मंत्री मिल सकता हे.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक स्थायी शिक्षा मंत्री की तलाश कर रही है. इस पद के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम पर भी विचार किया जा सकता है.
संजय राउत ने क्या-क्या कहा?
रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा कि प्रल्हाद जोशी पहले कोयला मंत्री रह चुके हैं, बीजेपी के लिए उन्होंने काम किया है, लेकिन शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी उनके लिए फिलहाल एक अंतरिम व्यवस्था जैसी है. राउत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिक्षा मंत्रालय के लिए एक सक्षम नेता की तलाश में हैं.
राउत ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस देश के अच्छे शिक्षा मंत्री साबित हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि फडणवीस पढ़े-लिखे नेता हैं, उन्हें प्रशासन चलाने का अनुभव है और वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा से जुड़े हुए हैं.
हालांकि, राउत ने यह भी कहा कि अगर फडणवीस को दिल्ली भेजा जाता है तो महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इसको लेकर फैसला अटका हुआ है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में इस विषय पर विचार चल रहा है.
अमित शाह पर राउत ने साधा निशाना
संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा है. उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि युवाओं के साथ अन्याय हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए. लोकतंत्र में विनम्रता बनाए रखनी चाहिए.
ये भी पढ़ें:शिक्षा मंत्रालय में नई शुरुआत, प्रह्लाद जोशी ने पदभार संभालते ही दिया बड़ा मैसेज