UP Budget 2026: 2 लाख से ज्यादा पुलिस भर्ती, 40 लाख टैबलेट बांटे जाएंगे, पढ़ें यूपी की जनता के लिए सीएम योगी के पिटारे में क्या-क्या

UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश किया है. इस बार के बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों पर खास फोकस रखा गया है.
UP Budget 2026 CM Yogi

सीएम योगी आदित्यनाथ

UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश में आज बुधवार को योगी सरकार का बजट पेश किया गया है. यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट भी है. वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश किया है. इस बार के बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों पर खास फोकस रखा गया है. यहां जानें बजट में क्या?

यूपी सरकार के वित्त मंत्री ने इस बार 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट पेश किया है, जो पिछले साल की अपेक्षा 12.9 प्रतिशत ज्यादा है. वित्त मंत्री ने बताया कि एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तर प्रदेश की रैंकिंग बढ़ी है. जहां 2016-17 में प्रति व्यक्ति आय 54,564 रुपए रही, तो वहीं अब लगभग दोगुनी होकर 1,09,844 हो गई है. 2025-26 में यह अनुमान 1,20,000 पार होने का है.

किस सेक्टर को कितना मिला?

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, कुल बजट में पूंजीगत व्यय की हिस्सेदारी 19.5 प्रतिशत है. सरकार ने शिक्षा के लिए 12.4 प्रतिशत, कृषि और संबद्ध सेवाओं के लिए 9 प्रतिशत और स्वास्थ्य के लिए 6 प्रतिशत बजट का प्रावधान रखा है.

पुलिस और अग्निशमन विभाग के लिए बढ़ा बजट

पुलिस विभाग के लिए इस बार योगी सरकार ने अपने बजट का पिटारा खोल दिया है. पुलिस विभाग के अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 1374 करोड़ रुपए और आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 1243 करोड़ आवंटित करने का प्रावधान किया है. वहीं अग्निशमन के आवासीय और अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए हैं. इसके अलावा वित्त मंत्री ने बताया कि 2016 की अपेक्षा यूपी के अपराध में काफी कमी आई है.

ये भी पढ़ेंः वंदे मातरम् अब 65 सेकंड का नहीं, 6 छंद होंगे अनिवार्य, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश

किसानों और महिलाओं के लिए क्या?

वित्त मंत्री ने बताया कि यूपी में कृषि सेक्टर में काफी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. जहां आज से 10 साल पहले सिंचित क्षेत्र 2.16 करोड़ हेक्टेयर था, वहां अब 2.76 करोड़ हो गया है. फसल सघनता में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई है. महिलाओं की आय को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना चालू की गई है. इसे और प्रभावी ढ़ंग से लागू किया जाएगा.

14 नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे

योगी सरकार ने स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काफी बजट का प्रावधान किया है. प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे और उनके संचालन के लिए 1023 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं. इसके अलावा लखनऊ के कैंसर हास्पिटल के लिए 315 करोड़, असाध्य रोगों के इलाज के लिए 130 करोड़ प्रस्तावित हैं.

ज़रूर पढ़ें