देहरादून में हिंदू युवक की हत्या से बवाल! आगजनी-पत्थरबाजी के बाद इंटरनेट बंद, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
विनोद कश्यप हत्याकांड के बाद बवाल
Vinod Kashyap Hatyakand Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इन दिनों भारी बवाल देखने को मिल रहा है. यहां के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव युवक की हत्या के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया. हालात यह बने कि प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा और सुरक्षा को देखते हुए इलाके में इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है. पूरा विवाद सरकारी ट्यूबवेल से पानी लेने को लेकर हुआ.
हत्या के बाद से ही इलाके में भारी तनाव देखने को मिल रहा है. आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया गया है. ब इस मामले को लेकर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. वहीं इस घटना के बाद बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है.
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला खेत में पानी लगाने और पैसों को लेकर हुआ. विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक विशेष समुदाय के परिवार और पीड़ित परिवार के बीच विवाद चल रहा था. मृतक के परिजनों की मानें तो पूरा मामला पैसों के लेन देन का था. लेकिन जब मृतक ने पैसे दिए तो वहां लोगों को भड़काया गया और मारपीट की गई.
आरोप है कि खेत में सिंचाई करने गए विनोद नाम के व्यक्ति पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. विनोद को बचाने पहुंचे परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है.
हत्या की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में भारी तनाव फैल गया और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया.
आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस बीच आरोपी पक्ष के घर में आगजनी की घटना भी सामने आई, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन प्रदर्शन जारी है. लोगों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं. दूसरी तरफ प्रदर्शन को देखते हुए आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है.
ये भी पढ़ें: ममता के करीबी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने भी छोड़ा साथ, बागी गुट से मिले, ओम बिरला से कर सकते हैं मुलाकात