5 घंटे का सफर अब सिर्फ ढाई घंटे में! दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तैयार, PM मोदी 14 अप्रैल को करेंगे उद्घाटन
तैयार हुआ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
Delhi-Dehradun Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. इस एक्सप्रेस वे का लोगों को लंबे समय से इंतजार था जो अब खत्म होने वाला है. यह एक्सप्रेसवे देश की राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीच बना है. इसे खासतौर पर दोनों शहरों के बीच की दूरी कम करने के लिए बनाया गया है. अब दोनों शहरों के बीच की दूरी महज 210 किलोमीटर ही रह जाएगी, जिसे 2.5 घंटे में तय किया जा सकेगा.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे तीन राज्यों से होकर गुजर रहा है, इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं. इसके शुरू होने के बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक भी काफी हद तक कम होने की संभावना है. यही वजह है कि लोगों को इसका लंबे समय से इंतजार था.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का क्या है असली नाम
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का असली नाम इकोनॉमिक कॉरिडोर है. हालांकि लोग इसे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नाम से ही जानते हैं. इस परियोजना को बनाने में लगभग 12000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू के चालू होने के बाद मैन्युफैक्चरिंग, डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और वेयरहाउस जैसी इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा. जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी.
अब 5 घंटे का सफर ढाई घंटे में होगा पूरा!
इस एक्सप्रेस वे के शुरू होने से लोगों का सफर काफी आसान और कम समय में पूरा हो सकेगा. अब तक दिल्ली से देहरादून का सफर में 5 से 6 घंटों का समय लगता था. इस एक्सप्रेस वे के शुरू होने के बाद महज 2.5 से 3 घंटे ही रह जाएगा. NHAI ने रोड पर कारों की स्पीड लिमिट भी तय कर दी है. जिसमें स्पीड लिमिट 100 किमी/घंटा तय की गई है.
इसके साथ ही यह राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर से होकर गुजरता है. इसके ऊपर ही 12 किलोमीटर का कॉरिडोर बनाया गया है. जिसकी वजह से ना तो वन्य जीवों को कोई समस्या होगी और ना ही वहां से गुजरने वाले किसी राहगीर को समस्या का सामना करना पड़ेगा. दिल्ली से देहरादून तक का एक तरफ का टोल टैक्स 500 रु के आसपास हो सकता है.
ये भी पढ़ें: गोदाम से सीधे नहीं बेच सकेंगे LPG Cylinder, दिल्ली सरकार का बड़ा आदेश, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई