Monsoon Health Tips: बरसात का सुहाना मौसम अपने साथ कई बीमारियों का खतरा भी लाता है, क्योंक इस दौरान हवा में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया, वायरस और फंगस तेजी से फैलते हैं. इसके अलावा, जगह-जगह पानी जमा होने के कारण मच्छरों की संख्या बहुत बढ़ जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी खतरनाक बीमारियां फैलने का डर रहता है. इसी समस्या को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कुछ जरूरी और आसान हेल्थ टिप्स शेयर किए हैं ताकि लोग इन मानसूनी बीमारियों से अपना बचाव कर सकें.
तुरंत बदलें गीले कपड़े
बारिश में भीगना भले ही मजेदार लगे, लेकिन ज्यादा देर गीले कपड़ों में रहने से फंगल और बैक्टीरियल इंफेक्शन हो सकता है. इससे त्वचा पर खुजली, रैशेज या दाद की समस्या हो जाती है. इसलिए भीगने के तुरंत बाद नहाकर साफ और सूखे कपड़े पहनें.
आसपास पानी जमा न होने दें
खुद को साफ रखने के साथ-साथ घर के आसपास की सफाई भी बहुत जरूरी है. गमलों, कूलर, पुरानी बाल्टी या टायर जैसी जगहों पर पानी इकट्ठा न होने दें. रुका हुआ पानी मच्छरों का घर बनता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां फैलती हैं.
हाथ-पैर को साबुन से धोएं
दिनभर में हम कई ऐसी चीजों को छूते हैं जहां बैक्टीरिया मौजूद होते हैं. बिना हाथ धोए कुछ भी खाने या चेहरे को छूने से संक्रमण शरीर के अंदर पहुंच सकता है. आयुष मंत्रालय के मुताबिक, खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद हाथ-पैर को साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए.
पैरों को रखें सूखा और साफ
सड़कों पर भरे पानी की वजह से पैर लंबे समय तक गीले रहते हैं, जिससे फंगल इंफेक्शन का खतरा सबसे ज्यादा होता है. गीले जूते और मोजे पहनकर रखने से बचें. बाहर से आने के बाद पैरों को धोकर अच्छी तरह सुखाएं ताकि आप स्किन इंफेक्शन से सुरक्षित रह सकें.
