‘पैसे दो नहीं तो अश्लील वीडियो पत्नी-बेटी को भेज देंगे’, महिला ने लिफ्ट मांगकर BJP नेता से की लूट, कपड़े फाड़े; 7 गिरफ्तार
राजगढ़ में बीजेपी नेता से लूट के करके अश्लील वीडियो बनाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार.
MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के कथित अपहरण, लूट, मारपीट और ऑनलाइन ठगी मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि एक जान पहचान की महिला ने बीजेपी नेता को रास्ते में रोककर लिफ्ट मांगी थी. इसके बाद अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बंधक बना लिया. बीजेपी नेता के कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया. नग्न अवस्था में अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया. लात-घूंसों से पीटा और डंडे बरसाए. साथ ही सोने की अंगूठी, लॉकेट, मोबाइल और नकदी लूट ली.
‘पिस्तौल निकालो और इसे गोली मार दो‘
पूरी घटना 10 मई की है. बीजेपी नेता दीपक शर्मा भोपाल से राजगढ़ लौट रहे थे. तभी कुरावर थाना क्षेत्र के तीज बड़ली इलाके में मंजू प्रजापति नाम की एक जान पहचान की महिला ने लिफ्ट मांगकर गाड़ी रुकवाई. इसके बाद अपने साथियों को बुलाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया. सामान और नगदी लूटने के बाद अश्लील वीडियो बनाया. आरोपियों ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को कहा. मना करने पर ब्लैकमेल किया की अगर पैसे नहीं मंगवाए तो अश्लील वीडियो पत्नी और बेटी को भेज देंगे. इसके बाद पीड़ित के परिजनों को फोन पर ही धमकाते हुए बीजेपी नेता के लिए कहा कि पिस्तौल निकालो और इसको गोली मार दो. परिजनों ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाया. इसके साथ ही 3 लाख रुपये के चेक पर साइन भी करवाया.
‘और पैसे नहीं दिए तो पत्नी-बेटी को भेज देंगे वीडियो’
लूट के बाद आरोपियों ने निर्वस्त्र हालत में ही बीजेपी नेता को मौके पर छोड़ दिया. आरोपियों ने 10 लाख रुपये की मांग करते हुए कहा कि अगर और पैसे नहीं दिए तो अश्लील वीडियो पत्नी और बेटी को भेज देंगे. इसके बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
CCTV फुटेज के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कुरावर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया. सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपियों के सीहोर में ईदगाह में मौजूद होने की जानकारी मिली है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों में देवा वंशकार, रविंद्र जीत डग, अदनान खान, कृष्णा यादव, तरुण मेवाड़ा, रितिक वाल्मीकि और मंजू प्रजापति शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ आरोपियों पर पहले से हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं.
पुलिस ने लूट का सामान बरामद किया
पुलिस ने आरोपियों के पास से 67 हजार रुपये नकद, फरियादी की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, दो चेक, करीब 1.20 लाख रुपए कीमत की राडो घड़ी, डेढ़ लाख रुपए कीमत की सोने की अंगूठी, चांदी का लॉकेट, धारदार हथियार और तीन दोपहिया वाहन बरामद किया है.