MP में गर्मी से राहत नहीं, 45 के पार पहुंचा पारा, 37 जिलों में हीट वेव का अलर्ट; उमरिया में बारिश से खरीद केंद्र पर गेहूं भीगा
File Photo.
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में बारिश के बाद शुरु हुआ भीषण गर्मी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. 45.1 डिग्री के साथ खंडवा सबसे गर्म शहर रहा. अगर एकाध जिलों को छोड़ दें तो लगभग पूरा प्रदेश गर्मी के कारण तपता रहा. प्रदेश के 12 जिलों में तो पारा 43 डिग्री के पार रहा. वहीं शनिवार को भी 37 जिलों में हीट वेव का अलर्ट है, जबकि इनमें से 5 जिलों में तेज हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट है. हालांकि शुक्रवार को कटनी और उमरिया में बारिश देखने को मिली. उमरिया में बारिश के कारण खरीद केंद्र पर रखा गेहूं भी भीग गया. जिसने किसानों की पेरशानी बढ़ा दी है.
37 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 37 जिलों में शनिवार को हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. इनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास, भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह और मंडला शामिल हैं.
इनमें भी 5 जिलों में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तेज हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
5 जिलों में तेज हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट
- इंदौर
- उज्जैन
- रतलाम
- धार
- देवास
भोपाल में रात में गर्मी से राहत
राजधानी भोपाल में दिन जहां तेज तपिश देखने को मिली. वहीं रात में हवाओं के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली. एमपी में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में बारिश और तेज हवा देखने को मिली. वहीं इंदौर- उज्जैन संभाग में शनिवार को भी पारा 44 डिग्री के पार जाने की उम्मीद है.
उमरिया में बारिश के कारण किसानों की मुसीबत बढ़ी
शुक्रवार को कटनी, डिंडौरी और उमरिया जिलों में बारिश और तेज हवाएं देखी गईं. जहां कटनी में ओले पड़े, वहीं उमरिया में बारिश के कारण किसानों की मुसीबत बढ़ गई है. केंद्रों पर पड़ा गेहूं भीग गया है. ऐसे में अगर शनिवार को भी बारिश होती है तो किसानों का दर्द बढ़ सकता है. हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है.
बता दें कि 10 मई तक आंधी-बारिश के बाद लगातार भीषण गर्मी का दौर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई तक ये गर्मी देखने को मिल सकती हैं. हालांकि केरल में 26 जून को मानसून आने का अनुमान है. जिसके कारण बंगाल की तरफ से आने वाली हवाओं से मौसम में नमी रहेगी. बताया जा रहा है कि प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो चुकी है. सामान्य तौर पर केरल में एक जून तक मानसून आता है, जिसके बाद उत्तर और मध्य भारत का मौसम भी बदलना शुरू हो जाता है.
ये भी पढे़ं: ‘जनसहयोग से जल संरक्षण में अग्रणी बना है मध्यप्रदेश’, “नर्मदा चिंतन बौद्धिक संगोष्ठी” में बोले सीएम मोहन यादव