महाकाल के दरबार में हिडन कैमरा लगाकर पहुंचा युवक, चश्मे में छिपा रखा था; उज्जैन में 2 साथियों के साथ पहुंचा था

उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान एक युवक हिडन कैमरे वाला चश्मा पहनकर मंदिर परिसर में पहुंच गया. युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोका और जांच की, जिसमें चश्मे में हिडन कैमरा लगा होने की जानकारी सामने आई.
The young man reached Mahakal's court with a hidden camera.

महाकाल के दरबार में हिडन कैमरा लगाकर युवक पहुंचा.

MP News: उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान एक युवक हिडन कैमरे वाला चश्मा पहनकर मंदिर परिसर में पहुंच गया. युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोका और जांच की, जिसमें चश्मे में हिडन कैमरा लगा होने की जानकारी सामने आई. जानकारी के अनुसार युवक के साथ मौजूद दो अन्य युवकों को भी रोककर पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर तीनों युवकों के इंदौर निवासी होने की बात सामने आ रही है.

हिडन कैमरा लगाने की हो रही है जांच

घटना के बाद मंदिर समिति की सुरक्षा एजेंसी द्वारा युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है. मौके पर महाकाल चौकी के पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. सूत्रों के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद तीनों युवकों को महाकाल थाना पुलिस के हवाले किए जाने की तैयारी है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हिडन कैमरे के माध्यम से किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग की गई है या नहीं तथा युवकों का मंदिर में आने का उद्देश्य क्या था.

आरोपियों को पुलिस के हवाले सौंपने की तैयारी

महाकाल मंदिर जैसे अतिसंवेदनशील धार्मिक परिसर में हिडन कैमरे के साथ युवक के पकड़े जाने की घटना को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं. मामले में पूछताछ जारी है और जल्द ही पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आ सकती है. इस विषय पर अभी कोई भी अधिकारी बयान नही दे रहा है.

रिंग पहनाने वाले कपल पर लगा था जुर्माना

महाकाल मंदिर में अक्सर लोगों के रील बनाने के मामले सामने आते हैं. कुछ दिन पहले एक कपल ने एक-दूसरे को मंदिर परिसर में ही रिंग पहनाकर वीडियो बनाया था. इस वीडियो को युवक-युवती ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर समिति ने दोनों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था.

ये भी पढ़ें: यूट्यूबर मनीष पटेल की सह कलाकार अमृता सिंह को जान से मारने की धमकी, कहा- मेरी कोई गलती नहीं, गालियां दे रहे

ज़रूर पढ़ें