Mauganj: मऊगंज में दलित युवती से दुष्कर्म का मामला, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में दलित युवती के साथ दुष्कर्म और जातिसूचक अपमान का गंभीर मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक साकिर हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पीड़िता ने पुलिस को बताया
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी पिछले कई महीनों से फोन पर उससे संपर्क में था. युवती के अनुसार 6 मई की रात उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी. इसी दौरान रात करीब 10 बजे आरोपी साकिर हुसैन उसके घर में घुस आया और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां देते हुए दुष्कर्म किया.
वारदात के बाद आरोपी ने धमकी दी
पीड़िता का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना बताई तो उसे जान से मार दिया जाएगा. डर और सामाजिक दबाव के कारण युवती करीब 15 दिनों तक चुप रही. लेकिन जब आरोपी ने दोबारा फोन कर धमकाया, तब पीड़िता ने साहस जुटाकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई.
एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
सोमवार को पीड़िता अपने परिवार के साथ नईगढ़ी थाने पहुंची, जहां महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष उसके बयान दर्ज किए गए. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
एसडीओपी मऊगंज के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी की टीम ने आरोपी को गांव छोड़कर फरार होने से पहले दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: Ujjain: उज्जैन में 7 साल का वंश बना बाल आरक्षक, एसपी ने सौंपा नियुक्ति पत्र