MP पुलिस में बड़े पैमाने पर प्रमोशन, 168 SI बने इंस्पेक्टर, जल्द आएगी दूसरी लिस्ट
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है. पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने बड़े पैमाने पर पदोन्नति आदेश जारी कर दिए हैं. पहले चरण में प्रदेशभर के करीब 168 सब इंस्पेक्टरों को इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है. इसके साथ ही सूबेदार से रिजर्व इंस्पेक्टर पद पर भी पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं. पदोन्नति के साथ कई अधिकारियों के तबादला आदेश भी जारी किए गए हैं.
कार्यवाहक इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी निभा रहे थे
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों की खास बात यह है कि अब तक कार्यवाहक के रूप में इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी निभा रहे अधिकारियों को नियमित रूप से इंस्पेक्टर का पद दे दिया गया है. इससे लंबे समय से लंबित पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है. विभाग का मानना है कि नियमित पदोन्नति से अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी.
सूत्रों के अनुसार, यह प्रक्रिया यहीं नहीं रुकेगी. पुलिस विभाग ने पदोन्नति के लिए एक विभागीय समिति का गठन किया है, जो जल्द ही दूसरी सूची जारी करेगी. इस सूची में बड़ी संख्या में अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पदोन्नति मिलने की संभावना है. विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है.
पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर किए जाएंगे तबादले
जानकारी के मुताबिक, आगामी चरण में आरक्षक से प्रधान आरक्षक, प्रधान आरक्षक से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) तथा एएसआई से उपनिरीक्षक (एसआई) पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. इससे पुलिस बल के हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
सूत्रों का कहना है कि पदोन्नति के साथ-साथ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले भी किए जाएंगे. नई पदस्थापनाओं के अनुरूप अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न जिलों एवं इकाइयों में नियुक्त किया जाएगा. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस मुख्यालय की ओर से तबादलों और पदोन्नति की नई सूची जारी होने के बाद प्रदेश के पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिलेगा. इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ लंबे समय से लंबित पदोन्नति के मामलों का भी समाधान होगा.
ये भी पढे़ं: छतरपुर की बेटी ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में क्रांति गौड़ ने 5 विकेट लिए