राहुल गांधी के MP दौरे से पहले भोपाल में रैली-प्रदर्शन पर रोक, कांग्रेस ने कहा- सरकार घबरा गई
राहुल गांधी
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के 26 नवंबर को प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा मार्च’ को लेकर अब सियासत गरमा गई है. कांग्रेस ने 16 नवंबर सोमवार को जैसे ही इस मार्च की जानकारी और इसमें शामिल होने के लिए आ रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम का ऐलान किया, ठीक उसी समय भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पूरे शहर में बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन और रैलियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया.
भोपाल पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी किया गया आदेश 2 महीनों तक लागू रहेगा. इस आदेश के बाद से ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है. 16 नवंबर को राजधानी में लागू किए गए इस आदेश में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 का हवाला दिया गया और इसी के तहत आदेश लागू किया गया है.
आदेश के नियम
- भोपाल के नगरीय क्षेत्र में बिना उपायुक्त (आसूचना एवं सुरक्षा) की पूर्व अनुमति के धरना, प्रदर्शन, आंदोलन, जुलूस, रैली, आमसभा, पुतला दहन, घेराव या फिर पदयात्रा नहीं की जा सकेगी.
- नियमों का उल्लंघन करने और बिना परमिशन के ऐसे कार्यक्रमों को आयोजित करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही सरकारी या फिर सार्वजानिक संपत्ति को नुकसाने पहुंचने पर आयोजकों से इसकी वसूली भी की जाएगी.
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल का हमला
पुलिस कमिश्नर के आदेश को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 26 नवंबर को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ जब से राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. तब से भाजपा सरकार की घबराहत साफ दिखाई दे रही है. पटेल ने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक प्रतिबंध और इस प्रकार का दबाव कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की लड़ाई को लड़ने से नहीं रोक सकता.
वहीं, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा ही नियमों और प्रक्रियाओं के तहत ही आयोजन करती है. उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के बैठक के बाद स्थान तय किया जाएगा और फिर प्रशासन से इसके लिए अनुमति मांगी जाएगी. लोकतांत्रिक अधिकारों के अनुसार विपक्ष को इसकी अनुमति देना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया पलटवार
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह से फ्लॉप रहा है और अब राहुल गांधी राज्यों में कार्यक्रम करने निकल पड़े हैं. विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भोपाल में कार्यक्रम को करना चाहती है तो करे किसी ने मना थोड़ी किया है. उन्होंने कहा कि पूरा जंबूरी मैदान खाली पड़ा है, कांग्रेस वहां की अनुमति ले और आयोजन कर लें.
वहीं, शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ‘वोट चोरी’ जैसे भ्रामक मुद्दे उठाकर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने का काम कर रही है. रामेश्वर शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी जब भी मध्य प्रदेश में आते हैं तो केवल जीतू पटवारी के एजेंडे को आगे बढ़ाने का काम करते हैं और दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, अरुण यादव जैसे बड़े नेताओं को अपमान करते हैं.



