भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर भर्ती, इस तारीख तक कर सकेंगे आवेदन
भोपाल: गांधी मेडिकल कॉलेज में 22 पदों पर भर्ती
Bhopal GMC Recruitment: मध्य प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है. राजधानी भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज (Gandhi Medical College) में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर भर्ती निकाली गई है. चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत संचालित GMC स्वशासी समिति द्वारा सुपर स्पेशियलिटी से लेकर ब्रांड स्पेशियलिटी विभाग के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
GMC में किन विभागों में होगी भर्ती?
इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कॉलेज में 15 विभागों में 22 पदों पर भर्ती की जाएगी. नई दुनिया के रिपोर्ट के मुताबिक इनमें कम्यूनिटी मेडिसिन (स्टेटिस्टिक्स), न्यूरो सर्जरी ट्रॉमा यूनिट, स्पोर्ट्स मेडिसिन, जनरल मेडिसिन, एंडोक्राइनोलॉजी, पीडियाट्रिक (बच्चों से संबंधित विभाग), कार्डियोलॉजी, पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी, पीडियाट्रिक नियोनेटोलॉजी, प्रसूति और स्त्री रोग, फार्माकोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, रेडियोडायग्नोसिस, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी और फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग शामिल हैं.
मैट्रिक्स लेवल-11 पर मिलेगा वेतन
पदों पर चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाएगा. इसके तहत मैट्रिक्स लेवल – 11 के अनुसार वेतन दिया जाएगा. इसके साथ ही शासन द्वारा तय और स्वीकृत वेतन और भत्ते भी दिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: PWD विभाग में बड़ा फेरबदल, ENC केपीएस राणा का MPRDC में तबादला, आरएल वर्मा को पीडब्ल्यूडी का अतिरिक्त प्रभार
इन पदों के लिए कब तक फॉर्म भरे जाएंगे?
GMC द्वारा जारी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित चिकित्सकों की नियुक्ति तीन साल के सेवा बॉन्ड या 65 की आयु तक जो भी पहले हो, उसी के आधार पर किया जाएगा. इन पदों के लिए 25 जून तक फॉर्म भरे जा सकेंगे यानी ये आखिरी तारीख है. मेडिकल एजुकेशन विभाग का उद्देश्य एक्सपर्ट डॉक्टर्स की उपलब्धता बढ़ाकर चिकित्सा शिक्षा और हेल्थ सर्विस को मजबूत करना है.