PWD विभाग में बड़ा फेरबदल, ENC केपीएस राणा का MPRDC में तबादला, आरएल वर्मा को पीडब्ल्यूडी का अतिरिक्त प्रभार
लोक निर्माण विभाग के ईएनसी केपीएस राणा का तबादला
MP News: मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. विभाग के प्रमुख अभियंता (ईएनसी) केपीएस राणा को उनके पद से हटाकर मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) भेज दिया गया है. उनकी जगह आरएल वर्मा को लोक निर्माण विभाग का नया प्रमुख अभियंता नियुक्त किया गया है. वर्मा जबलपुर परिक्षेत्र के प्रभारी हैं.
विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार विभाग में लंबे समय से चल रही शिकायतों और विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर उठे सवालों के बीच यह कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है कि मंत्री स्तर पर समीक्षा के बाद आदेश जारी किए गए. केपीएस राणा को हटाए जाने को पीडब्ल्यूडी में बड़ा प्रशासनिक फैसला माना जा रहा है.
चर्चाओं के केंद्र में केपीएस राणा का सरकारी आवास भी रहा है, जहां करोड़ों रुपये के निर्माण और मरम्मत कार्यों को लेकर सवाल उठाए गए थे. इसके अलावा चार इमली क्षेत्र में निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों को लेकर भी विभाग के भीतर और बाहर लगातार चर्चाएं चल रही थीं. हालांकि इन मामलों में किसी जांच एजेंसी की अंतिम रिपोर्ट या आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं हुआ है.
प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम
सरकार ने अब आरएल वर्मा को विभाग की जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें लोक निर्माण विभाग का नया इंजीनियर-इन-चीफ नियुक्त किया है. माना जा रहा है कि आगामी सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं की निगरानी अब उनके नेतृत्व में की जाएगी. वहीं, केपीएस राणा को एमपीआरडीसी में इंजीनियर-इन-चीफ के पद पर पदस्थ किया गया है. प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है