भोपाल में वकील से मारपीट के मामले में एक्शन, TI समेत दो कॉन्स्टेबल सस्पेंड
भोपाल: वकीलों ने किया प्रदर्शन
Bhopal News: भोपाल के जहांगीराबाद थाना परिसर में वकील से कथित मारपीट के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार, आरक्षक यश लखेरा और रामस्वरूप को सस्पेंड कर दिया गया है. निलंबन का आदेश डीसीपी जोन-1 अखिल पटेल की ओर से जारी किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बैरागढ़ कलां में रहने वाले वकील राकेश रावल मंगलवार (22 सितंबर) को रात 8 बजे खटलापुरा मंदिर मार्ग से जा रहे थे. गणेश प्रतिमा विसर्जन के कारण रास्ता बंद था, इस दौरान उनकी बहस ट्रैफिक ACP और अन्य पुलिसकर्मी से हो गई. आरोप लगाया कि उन्हें जबरन जहांगीराबाद पुलिस थाने ले जाया गया. वकील का कहना है कि जब उन्होंने गाड़ी में पेट्रोल ना होने की बात कही तो पुलिसवालों ने उनके साथ गाली-गलौज की. कीचड़ में पटककर लाठियों से पीटा.
बड़ी संख्या में पहुंचे वकील
वकील राकेश रावल के साथ मारपीट की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में वकील जहांगीराबाद पुलिस थाने पहुंच गए. विरोध जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की. देर रात 3 बजे तक हंगामा चलता रहा. इसके बाद वकीलों ने वीडियो जारी किया, जिसमें पैर में चोट साफ दिखाई दे रही थी. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे. उन्होंने जांच की बात कहकर वकीलों को शांत कराया.
ये भी पढ़ें: Bhopal: ‘आपके खाते में आतंकियों ने 7 करोड़ जमा किए’, महिला के साथ 35 लाख की साइबर ठगी
FIR की मांग पर अड़े वकील
निरीक्षक हरि किशन लोहिया को जहांगीराबाद थाने की जिम्मेदारी दी गई है. बुधवार (23 सितंबर) को वकीलों ने प्रदर्शन किया. वकील निलंबित टीआई राजन सिंह अहिरवार पर FIR की मांग कर रहे हैं. विरोध प्रदर्शन के दौरान जेल पहाड़ी पर ट्रैफिक जाम देखने को मिला.