Bhopal: मीडिया संस्थान की आड़ में वसूली का धंधा, महाराष्ट्र पुलिस की दबिश, 8 राज्यों के सरपंच-MLA को बनाया निशाना
भोपाल: हर्षवर्धन नगर के इसी घर में हुई पुलिस की कार्रवाई
Maharashtra Police Action: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मंगलवार (17 नवंबर) को महाराष्ट्र पुलिस ने दबिश देकर मीडिया संस्थान की आड़ में चल रहे वसूली और ब्लैकमेलिंग के धंधे का भंडाफोड़ किया है. कथित तौर पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर जनप्रतिनिधियों को फंसाया जाता था. नागपुर से आई पुलिस टीम ने एक महिला समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है.
CM फडणवीस से शिकायत के बाद कार्रवाई
दरअसल, महाराष्ट्र के सरपंचों को वसूली और ब्लैकमेलिंग की धमकी मिलने के बाद सरपंचों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास सामूहिक शिकायत की थी. इसके बाद इस मामले में जांच शुरू की गई. महाराष्ट्र पुलिस ने मोबाइल नंबरों, कॉल सेंटर्स और कार्यालयों की जानकारी जुटाई. इसके बाद नागपुर पुलिस ने भोपाल पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद टीटी नगर पुलिस थाने की मदद से हर्षवर्धन नगर स्थित कार्यालय पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान मौके पर 34 लोग मौजूद थे. 5 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और बाकी लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है.
विज्ञापन ना देने पर भ्रष्टाचार की खबर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के सदस्य खुद को मीडिया संस्थान या अखबार से जुड़ा बताते थे. महाराष्ट्र के जनप्रतिनिधियों से संपर्क किया करते थे. अखबार के लिए विज्ञापन की मांग करते थे और ना मिलने पर भ्रष्टाचार की खबर छापने की धमकी देते थे. यही दबाव बनाकर पैसे की मांग किया करते थे. इसी तरह अन्य राज्यों में भी नेटवर्क का संचालन करते थे. महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया.
भोपाल की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला का कहना है कि नागपुर पुलिस साइबर क्राइम से जुड़े मामले की जांच करने य़हां आई थी. टीटी नगर पुलिस महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क में थी. इस मामले में पुलिस विस्तृत जांच में जुटी हुई है.



