भोपाल पुलिस कमिश्नर की सख्ती, 6 महीने में 9 TI पर गिरी गाज, वसूली और जुआरियों को संरक्षण देने का आरोप

MP News: राजधानी भोपाल में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत अब थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर वरिष्ठ अधिकारियों की सख्त निगरानी है. पिछले छह महीनों में भोपाल कमिश्नरेट में नौ थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई है. किसी को निलंबित किया गया तो किसी को लाइन अटैच कर दिया गया.
Bhopal Police Commissioner Sanjay Kumar (File Photo)

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार(File Photo)

MP News: राजधानी भोपाल में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था के तहत अब थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर वरिष्ठ अधिकारियों की सख्त निगरानी है. थाने की कमान संभालने वाले निरीक्षकों के लिए अब केवल अपराधों पर नियंत्रण रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विभागीय अनुशासन, विवेचना में पारदर्शिता, जनता से संवाद और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना भी जरूरी हो गया है. यही वजह है कि पिछले छह महीनों में भोपाल कमिश्नरेट में नौ थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई है. किसी को निलंबित किया गया तो किसी को लाइन अटैच कर दिया गया.

ताजा मामला चूनाभट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य का है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार की मौजूदगी में थाना क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में थाना प्रभारी की गैरमौजूदगी को वरिष्ठ अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना. इसके बाद डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने धर्मेंद्र मौर्य के निलंबन के आदेश जारी कर दिए. जनसंवाद जैसे कार्यक्रम में थाना प्रभारी की अनुपस्थिति ने पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सख्त संदेश दिया है.

वसूली से लेकर जुआ अड्डों तक पर कार्रवाई

पिछले छह महीनों में हुई कार्रवाई के मामले भी चौंकाने वाले हैं. जुलाई में कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला को कथित मासिक वसूली की शिकायत पर निलंबित किया गया. इसी महीने अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा पर पद के दुरुपयोग के आरोपों में कार्रवाई हुई. अगस्त में कजलीखेड़ा थाना प्रभारी पल्लवी पांडेय को फायरिंग की घटना में एफआईआर दर्ज करने में देरी और वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचना नहीं देने के मामले में लाइन अटैच किया गया. सितंबर में स्टेशन बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव पर जुआरियों और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोपों में निलंबन की कार्रवाई हुई.

कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ को जुआ अड्डे पर कार्रवाई में लापरवाही के चलते निलंबित किया गया. वहीं जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार को वकील के साथ मारपीट के मामले में निलंबित किया गया. उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हुआ. अक्टूबर में मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन के दौरान अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज के मामले में निलंबित हुए. इसी महीने कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे को थाना क्षेत्र में जुआ अड्डा संचालित होने के मामले में निलंबित किया गया.

अच्छा काम करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

अब नवंबर में धर्मेंद्र मौर्य पर कार्रवाई के साथ छह महीने में कार्रवाई का आंकड़ा नौ तक पहुंच गया है. हालांकि शिल्पा कौरव का निलंबन बाद में समाप्त कर उन्हें सेवा में बहाल कर दिया गया था.पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि पुलिसिंग में जवाबदेही बढ़ाना और जनता का भरोसा मजबूत करना है. अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें