Bhopal रिटायर्ड IAS हत्याकांड में आरोपी को लेकर बड़ा खुलासा, नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट करता था वरुण
आरोपी वरुण
Bhopal Retired IAS Rakesh Agrawal Murder: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में फरार चल रहे संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार को लेकर पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस को पता चला है कि वरुण का स्वभाव बेहद आक्रामक रहा है और वह पहले भी मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है.
नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट कर चुका है
जांच में सामने आया है कि वरुण पंजाब में रहने वाली अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट कर चुका है. इस मामले में उसके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था. इसके अलावा वह अपने पिता की दूसरी शादी से इतना नाराज था कि उसने पिता पर भी हमला कर दिया था. पुलिस को ये जानकारी उसके परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ में मिली है.
हालांकि पुलिस का कहना है कि इन पुरानी घटनाओं का सीधे तौर पर राकेश अग्रवाल की हत्या से संबंध नहीं है, लेकिन इससे आरोपी की मानसिकता और हिंसक प्रवृत्ति का पता चलता है.
6 साल से परिवार से अलग रह रहा था वरुण
पुलिस इनपुट के मुताबिक, वरुण पिछले 6 साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था. इस दौरान उसने ग्वालियर, आगरा, दिल्ली और भोपाल में अलग-अलग लोगों के यहां केयरटेकर के तौर पर काम किया. भोपाल में वह रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल के घर पर केयरटेकर था.30 सितंबर को राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद से वरुण फरार है.
मामले में SIT का गठन
पुलिस ने इस मामले में 4 दिन पहले SIT का गठन किया है, जो अब नए सिरे से पूरे मामले की जांच कर रही है.मोबाइल से मिलेंगे अहम सुरागइस केस में सबसे बड़ा सुराग राकेश अग्रवाल का मोबाइल फोन है. हत्या के बाद वरुण उनका मोबाइल अपने साथ ले गया था. क्राइम ब्रांच ने बाद में फोन को बरामद कर लिया. जांच में पता चला है कि वरुण ने 2 दिन तक इस फोन का इस्तेमाल किया था.
अब SIT मोबाइल की सर्च हिस्ट्री, कॉल डिटेल, मैसेज और बैंकिंग ट्रांजैक्शन खंगाल रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इन डिजिटल सबूतों से आरोपी की लोकेशन और उसके प्लान के बारे में अहम जानकारी मिलेगी.पुलिस ने वरुण की आखिरी लोकेशन आगरा-वृंदावन रोड पर ट्रेस की थी. उसके बाद से वह गायब है. पुलिस पंजाब में रहने वाली उसकी बहन, आगरा के दोस्तों और ग्वालियर में रहने वाले पिता से पूछताछ कर चुकी है. SIT अब सीसीटीवी फुटेज और उसके पुराने संपर्कों को खंगाल रही है.