MP पुलिस आरक्षक भर्ती में बड़ी राहत, 45 साल तक के अभ्यर्थियों भी भर सकेंगे फॉर्म
MP पुलिस भर्ती
MP News: मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती-2026 की आयु सीमा को लेकर हाई कोर्ट ने आठ अभ्यर्थियों को अंतरिम राहत दी है. अदालत के आदेश के बाद 38 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम उम्र के याचिकाकर्ता भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे. हालांकि, उनकी उम्मीदवारी और भर्ती का अंतिम परिणाम हाई कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा.
आयु सीमा को हाई कोर्ट में दी चुनौती
नरसिंहपुर निवासी प्रजापाल सिंह मोंगरे समेत आठ अभ्यर्थियों ने याचिका दायर कर पुलिस आरक्षक (जीडी) भर्ती-2026 के विज्ञापन में निर्धारित अधिकतम आयु सीमा को चुनौती दी थी. याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता मोहित वर्मा ने अदालत में पक्ष रखा और आयु सीमा में छूट देने की मांग की.
2019 के सरकारी परिपत्र का दिया हवाला
अभ्यर्थियों ने अपने पक्ष में सामान्य प्रशासन विभाग के 4 जुलाई 2019 के परिपत्र का उल्लेख किया. उनका तर्क था कि इस परिपत्र के तहत सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तय की गई है. इसके अलावा पात्र आरक्षित वर्गों और सेवारत होमगार्ड जवानों को पांच वर्ष की अतिरिक्त छूट देने का प्रावधान है. इसी आधार पर याचिकाकर्ताओं ने 45 वर्ष तक की आयु सीमा का लाभ देने की मांग की.
कोर्ट ने आवेदन भरने की दी अनुमति
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विशाल धगट की एकलपीठ में हुई. दलीलों पर विचार करने के बाद अदालत ने आठों याचिकाकर्ताओं को भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने की अनुमति दे दी. कोर्ट ने निर्देश दिया कि सात दिनों के भीतर प्रोसेस फीस जमा किए जाने पर संबंधित प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया जाए. साथ ही उन्हें चार सप्ताह के भीतर अपना जवाब पेश करने को कहा गया है.
अंतिम फैसले के अधीन रहेगा परिणाम
अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ताओं का परिणाम घोषित किया जा सकता है, लेकिन वह याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा. फिलहाल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल गया है, लेकिन उनकी पात्रता पर अंतिम स्थिति अदालत के फैसले से तय होगी. सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से उप महाधिवक्ता वीर विक्रांत सिंह उपस्थित रहे.



