‘हनुमान अंश’ के ब्लाइंड सिंगर सुनील की सीएम मोहन से मुलाकात, अब सरकार देने जा रही बड़ा ईनाम
सुनील लोधी से मिले सीएम मोहन यादव
MP News: सागर के युवा लोकगायक सुनील लोधी ने गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की. अपने परिवार के साथ सीएम हाउस पहुंचे सुनील ने मुख्यमंत्री के सामने तंबूरा बजाकर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत गाकर सुनाया. सुनील की गायकी से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
देशभर में पहचान बना चुके हैं सुनील
जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी ने अपनी आवाज और पारंपरिक अंदाज से देशभर में पहचान बनाई है. खासतौर पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई. उनकी प्रतिभा को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने का निर्णय लिया गया है.
संगीत की पढ़ाई में भी सरकार करेगी मदद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली और उभरते कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने सुनील की संगीत के प्रति रुचि को देखते हुए औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया.
आंखों के इलाज में भी सहयोग का भरोसा
सुनील लोधी की आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्या के उपचार में आवश्यक मदद का भरोसा भी मुख्यमंत्री ने दिलाया. इस दौरान उन्होंने सुनील के माता-पिता महेंद्र सिंह लोधी और भाग बाई का सम्मान किया.
CM के सामने सुनाया ‘हनुमान’ का गीत
मुलाकात के दौरान सुनील ने मुख्यमंत्री के आग्रह पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया. इस मौके पर संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र भी मौजूद रहे.
फिल्म के गीत ने दिलाई अलग पहचान
सुनील लोधी की पहचान ‘हनुमान अंश’ फिल्म के बुंदेली गीत से और मजबूत हुई है. नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित यह भक्तिपरक फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म में शोहिनव सत्य ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है, जबकि लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है. फिल्म में सुनील की बुंदेली आवाज और लोकधुन ने दर्शकों का ध्यान खींचा और बुंदेली लोकभाषा को बड़े पर्दे पर एक अलग पहचान दिलाई.
ये भी पढे़ं- कौन हैं सुनील लोधी? ‘हनुमान अंश’ से हुए फेमस, बचपन से हैं दृष्टिबाधित, तमूरे के साथ शुरू हुआ सफर