Bhopal: कमला पार्क की सड़क पर रात भर डटे रहे इंटर्न डॉक्टर, हमीदिया OPD-OT का आज बहिष्कार, केवल इमरजेंसी सेवा चालू
इंटर्न डॉक्टर का प्रदर्शन
Bhopal News: भोपाल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन मंगलवार सुबह तक जारी रहा. मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च के दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टर रातभर कमला पार्क की सड़क पर बैठे रहे.
अब जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) भी उनके समर्थन में उतर आया है. मंगलवार को हमीदिया अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर नियमित ओपीडी और इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार करेंगे, हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रखी जाएंगी.
एबीवीपी ने लाठीचार्ज की निंदा की
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदर्शन के दौरान इंटर्न डॉक्टरों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की आलोचना की है. संगठन का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना लोकतांत्रिक अधिकार है. एबीवीपी ने घायल डॉक्टरों को निशुल्क उपचार देने, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है.
एफएआईएमए इंडिया ने बातचीत पर दिया जोर
एफएआईएमए इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आकाश सोनी ने कहा कि संगठन ने 27 जुलाई को मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को लेकर पत्र भेजा था. उनका कहना है कि अब तक इस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई. उन्होंने सरकार से बल प्रयोग के बजाय बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की. उन्होंने उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि संवाद के जरिए ऐसे विवादों का समाधान संभव है.
बातचीत के बाद भी मांगों पर अड़े डॉक्टर
जेडीए मध्य प्रदेश के वाइस प्रेसिडेंट अनुराग भारती ने देर रात बताया कि कलेक्टर और सीएमई के साथ बातचीत हुई है, लेकिन इंटर्न डॉक्टर अभी अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. डॉक्टरों की मांग है कि स्टाइपेंड में तत्काल बढ़ोतरी की जाए. इसके साथ ही प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कर जवाबदेही तय की जाए.
मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने जताया आक्रोश
मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश मालवीय भी देर रात प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों से मिलने पहुंचे. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किए जाने से प्रदेश के चिकित्सक समुदाय में नाराजगी है. उन्होंने घटना को चिकित्सक समुदाय के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर प्रदेश के डॉक्टर इंटर्न डॉक्टरों के साथ खड़े रहेंगे.
ओपीडी और इलेक्टिव ओटी का होगा बहिष्कार
जेडीए ने मंगलवार को नियमित ओपीडी और इलेक्टिव ओटी से रेजिडेंट डॉक्टरों को दूर रखने का फैसला किया है. हालांकि इमरजेंसी सेवाओं को इस बहिष्कार से बाहर रखा गया है. डॉक्टरों का कहना है कि सरकार के साथ बातचीत जारी है और मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं- MP News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर प्रदेशभर में 2500 MBBS इंटर्न की हड़ताल, हमीदिया अस्पताल की सेवाएं भी ठप