MP में आज से सांची का दूध 4 रुपये तक महंगा, 1 लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 74 रुपये हुई
सांची ने बढ़ाए दूध के दाम
MP Sanchi Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी के बाद सांची ने दूध के दाम में 2 रुपये से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. नई दरें आज से लागू हो गई हैं. अब एक लीटर फुल क्रीम दूध 70 रुपये की जगह 74 रुपये में मिलेगा. दूध के दाम में वृद्धि होने से लोगों के बजट पर असर पड़ने वाला है.
कितना महंगा हुआ दूध खरीदना?
- फुल क्रीम दूध आधा लीटर (500 ML) का पैकेट 35 से बढ़कर 37 रुपये हो गया है.
- फुल क्रीम 1 लीटर 70 से बढ़कर 74 रुपये और 6 लीटर का पैक 420 से बढ़कर 444 रुपये हुआ.
- स्टैंडर्ड दूध आधा लीटर (500 ML) दो रुपये महंगा होकर 34 रुपये में मिलेगा.
- टोंड दूध आधा लीटर (500 ML) का पैकेट 29 से बढ़कर 30 रुपये हुआ.
- डबल टोंड दूध 27 से बढ़कर 28 रुपये हो गया है.
- चाय दूध का 1 लीटर वाला पैकेट 62 से बढ़कर 65 रुपये और 6 लीटर का पैक 390 रुपये का हो गया है.
- सांची DTM 180 ML के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया. नई दरें अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी.
क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?
सांची दुग्ध उत्पादक संघ (भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड) ने दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला लिया है. त्योहारी सीजन में दूध के दाम बढ़ने से लोगों को झटका लगा है. इसका असर केवल दूध खरीदने पर नहीं बल्कि इससे बनने वाले प्रोडक्ट्स पर पड़ेगा. बताया गया है कि पैकेजिंग और परिवहन महंगा होने के कारण दूध के दाम बढ़ाए गए हैं.
दुकानदारों का कहना है कि एकदम से दूध के दाम में इजाफा होने से लोगों के बजट पर असर पड़ेगा. दूध हमारी प्राथमिकता है. पहले 50 पैसे, फिर एक रुपये अब 4 रुपये दूध के दाम बढ़ रहे है. वहीं, ग्राहकों का भी कहना है कि इसका असर बजट पर पड़ेगा. अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर को दूध के दाम बढ़ाए थे.



