बंद कमरे में हेमंत खंडेलवाल से मिले MLA कालू सिंह ठाकुर और मंत्री सावित्री ठाकुर, क्या तनातनी हुई कम?
दोनों नेताओं की प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात
MP News: भोपाल में मंगलवार को धार जिले के धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर को लेकर सियासी हलचल तेज रही. मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात के बाद कालू सिंह ठाकुर बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से बंद कमरे में बातचीत की. इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री सिंह ठाकुर भी बीजेपी कार्यालय पहुंचीं.
दोनों नेताओं से CM ने की अलग-अलग मुलाकात
इससे पहले कालू सिंह ठाकुर ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की थी. उनके रवाना होने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री सिंह ठाकुर मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं. मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर पूरे मामले पर बातचीत की.
खंडेलवाल बोले- विधायक ने जताया खेद
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायक और केंद्रीय राज्य मंत्री के बीच तनातनी को लेकर कहा कि कालू सिंह ठाकुर ने भावावेश में या किसी कारण से ऐसी बात कही थी. उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया है और पार्टी से माफी भी मांगी है. खंडेलवाल ने कहा कि यह छोटा सा मुद्दा था और दोनों नेताओं को बैठाकर समझा दिया गया है.
विधायक को जारी हुआ था कारण बताओ नोटिस
दरअसल, धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. विधायक ने धामनोद नगर में रुके विकास कार्यों और खराब नागरिक सुविधाओं को लेकर 9 अक्टूबर से भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी थी. पार्टी ने उनके इस कदम को अनुशासन के खिलाफ माना और तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा था.
धामनोद CMO पर सुनवाई नहीं करने का आरोप
कालू सिंह ठाकुर ने धामनोद नगर पालिका के CMO पर उनकी शिकायतों और समस्याओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया था. इसी के विरोध में उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री सिंह ठाकुर के धार स्थित निवास के बाहर भूख हड़ताल करने का ऐलान किया था. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच मतभेद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं.
22 काम अधूरे, कलेक्टर ने बुलाई बैठक
मामले के बीच धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने 5 अक्टूबर को धामनोद नगर परिषद की CMO माया मंडलोई, सीवरेज ठेकेदार और पार्षदों की बैठक बुलाई थी. बैठक में छह कांग्रेस और दो बीजेपी पार्षद शामिल हुए. CMO ने बताया कि ठेकेदार की ओर से 22 काम अब तक पूरे नहीं किए गए हैं.
ये भी पढे़ं- Dhar: BJP विधायक को भूख हड़ताल का ऐलान करना पड़ा महंगा! प्रदेशाध्यक्ष ने थमाया नोटिस, 3 दिनों में मांगा जवाब