MP News: मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. एक महिला ने मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा दावा किया है. महिला ने एक वीडियाे जारी किया और उसमे खुद का नाम ‘रश्मि नागर सिंह चौहान’ बताया है. महिला ने दावा किया कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में हैं.
रश्मि ने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं. वहीं, मंत्री ने महिला के साथ लंबे समय से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार करते हुए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है. सांसद अनिता चौहान ने भी कहा है कि उन्होंने महिला के साथ कुछ गलत नहीं किया है.
18 साल की उम्र से रिश्ते में होने का दावा
वीडियो में रश्मि ने दावा किया कि नागर सिंह चौहान के साथ उनका रिश्ता तब शुरू हुआ था, जब वह 18 साल की थीं. उन्होंने कहा कि वह बिना किसी पारिवारिक या राजनीतिक दबाव के अपनी मर्जी से यह बयान दे रही हैं. रश्मि के मुताबिक, मंत्री ने जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिया था और इसी विश्वास के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी के करीब 20 साल गुजारे. उनका कहना है कि वह मंत्री के आधिकारिक आवास पर रहने के बजाय अलग घर में रहती थीं और मंत्री के कहने के अनुसार अपना जीवन बिताती थीं.
रश्मि ने सांसद अनिता चौहान पर उन्हें और उनके बेटे को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है. उनका दावा है कि इन संदेशों के कारण उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान हो गया था और परीक्षा देने तक नहीं गया. हालांकि, वीडियो में रश्मि ने अपने बेटे के पिता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सांसद को संदेश भेजकर अपनी बात समझाने की कोशिश की थी. रश्मि के अनुसार, उन्होंने अनिता चौहान से एक मां और पत्नी के तौर पर उनकी स्थिति समझने की अपील की थी, लेकिन उन्हें कथित तौर पर ऐसे संदेश मिले, जिनसे वह और अधिक आहत हुईं.
सांसद से आमना-सामना नहीं करने की बात कहने का दावा
रश्मि का दावा है कि सांसद ने भविष्य में उनसे आमना-सामना नहीं करने की बात भी कही थी. उन्होंने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि अनिता चौहान के व्यवहार से मंत्री नागर सिंह चौहान मानसिक रूप से परेशान रहते थे. रश्मि के मुताबिक, मंत्री उनसे कहते थे, “रश्मि, मैं बहुत परेशान हो गया हूं. किसी दिन मुझे पैरालिसिस हो जाएगा.” हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
मंत्री के घर जाने की बात कही
महिला ने कहा कि वह शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सुबह मंत्री के घर जाने वाली हैं. उन्होंने आशंका जताई कि यदि वहां उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए अनिता चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा. इस बयान के बाद मामला चर्चा में आ गया है.
मंत्री बोले- आरोप राजनीति से प्रेरित
मंत्री नागर सिंह चौहान ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला के साथ लंबे समय से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार की है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया. दूसरी ओर, सांसद अनिता चौहान ने कहा कि उन्होंने महिला के साथ कुछ गलत नहीं किया है. फिलहाल, महिला की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित पक्षों के बयानों के बीच मामले की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है.
ये भी पढे़ं- मंत्री के भाई के सामने नतमस्तक पुलिस! 25 केसों में अब तक नहीं मिली सजा, इस बार बनाया गजब बहाना
