दमोह की खूनी चाची! 3 साल के मासूम को पहले जहर पिलाया, फिर गला दबाकर मार डाला, चौंकाने वाली वजह आई सामने
चाची ने ही किया भतीजे का मर्डर
Damoh Murder Case: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. दमोह जिले के इमलिया चौकी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने ही भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी. इस मामले में इस हत्या के पीछे की वजह भी काफी चौंकाने वाली है. ऐसा कहा जा रहा है कि मकान में हिस्सेदारी को लेकर चल रहे परिवार में विवाद चल रहा था. इसी का बदला लेने के लिए चाची ने भतीजे को ही मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस के मुताबिक, महाकच्छ गांव निवासी महिला अपने पति के साथ अलग रह रही थी. परिवार से जो पुराना मकान यानी कि पैतृक मकान है उसमें वह हिस्सा मांग रही थी. इसी विवाद के बीच उसने अपने देवरानी के बेटे को निशाना बनाया है.
कैसे उतारा मासूम बच्चे को मौत के घाट?
आरोप है कि महिला बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई. पहले आम दिनों की तरह ही बच्चे से वह बातचीत करती रही और इसी दौरान उसने बच्चे को कीटनाशक पिला दिया. कीटनाशक पिलाने के बाद भी जब बच्चे की मौत नहीं तो उसका गला दबा दिया. जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई. हत्या के बाद बच्चे की पहचान छिपाने के लिए चाची ने मासूम का पत्थर से सिर कुचल दिया. ताकि उसे कोई पहचान ही न सके.
खूनी चाची का कैसे खुला राज?
चाची ने इस पूरी घटना को छिपाने के लिए मासूम के शव को पहले तो बोरे में भरा और गांव के बाहर गोबर के ढेर में दबा दिया. बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने तलाश शुरू की. गांव में मौजूद आसपास के घरों में बच्चे की तलाश की जा रही थी. काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस को जांच के दौरान महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. यही वजह है कि पुलिस ने खूनी चाची को हिरासत में ले लिया और सख्ती से पूछताछ की. पुलिस सख्त पूछताछ के सामने चाची टिक न सकी और पूरा मामला खुल गया.
बच्चे की मां ने की सख्त सजा की मांग
पुलिस टीम आरोपी महिला को लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां गोबर के ढेर से बोरे में बंद मासूम का शव बरामद किया गया. घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं. मृतक की मां ने आरोपी महिला के लिए कड़ी सजा की मांग की है. परिवार का कहना है कि संपत्ति विवाद ने उनके घर को उजाड़ दिया. फिलहाल पुलिस ने हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: स्प्रे आगे-आगे, मंत्री पीछे- पीछे; अशोक नगर में मंत्री के औचक निरीक्षण से पहले बदबू मिटाने में जुटा अस्पताल स्टाफ