MP Politics News: BJP विधायक चिंतामणि मालवीय ने रीना बोरासी को भेजा 10 करोड़ का मानहानि नोटिस, जानें क्या है मामला
BJP विधायक चिंतामणि मालवीय और रीना बोरासी
₹10 Crore Defamation Notice Sent: रतलाम जिले की आलोट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. विधायक चिंतामणि मालवीय ने अपने वकील के माध्यम से रीना बोरासी को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है. यह नोटिस हाल ही में दिए गए उन बयानों को लेकर जारी किया गया है, जिनमें रीना बोरासी ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे.
राज्यपाल से मुलाकात के बाद लगाए थे गंभीर आरोप
कुछ दिन पहले रीना बोरासी ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की थी. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने चिंतामणि मालवीय पर एक महिला के साथ अत्याचार और यौन शोषण जैसे आरोप लगाए थे. साथ ही उन्होंने विधायक पर जमीन कब्जाने और दबंगई करने के भी आरोप लगाए थे. रीना बोरासी ने दावा किया था कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने राज्यपाल को सौंपने की बात कही थी.
आरोपों के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद
इन आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था. अब भाजपा विधायक की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि वह एक शिक्षित जनप्रतिनिधि हैं और समाज में उनकी प्रतिष्ठा है. नोटिस में आरोप लगाया गया है कि रीना बोरासी ने बिना किसी ठोस प्रमाण के राजनीतिक दुर्भावना के तहत उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है.
सात दिनों में मांगा जवाब
विधायक की ओर से यह भी कहा गया है कि एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में लगाए गए आरोप पूरी तरह सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं. नोटिस में रीना बोरासी से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है. साथ ही उनसे आरोपों से जुड़े सभी प्रमाण और दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने को कहा गया है. ऐसा नहीं करने की स्थिति में उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति का दावा पेश किए जाने की बात कही गई है.
ये भी पढे़ं- Bhopal News: फर्जी ‘गरीबों’ के निरस्त होंगे BPL कार्ड, 1.50 लाख परिवारों का नाम लिस्ट से बाहर करने की तैयारी!