CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन! जौरा थाना प्रभारी सस्पेंड, चोर के कंधे पर बैठकर जन्मदिन मनाने का वीडियो हुआ था वायरल
सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन, जौरा थाना प्रभारी सस्पेंड
MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुरैना जिले के जौरा थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई, जिसमें थाना प्रभारी कथित तौर पर अपराधियों के कंधों पर बैठकर जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे थे.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे. वीडियो में कुछ ऐसे लोग भी नजर आ रहे हैं, जिन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की चर्चा है. इसे लेकर स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिली. मामले की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तुरंत रिपोर्ट तलब की और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर जौरा थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
विभागीय जांच शुरू की गई
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, विभागीय अनुशासन और आचरण संहिता के उल्लंघन को गंभीरता से लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की छवि और कानून व्यवस्था से जुड़ी विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. इस मामले में विस्तृत विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि कार्यक्रम में किन परिस्थितियों में थाना प्रभारी शामिल हुए और क्या अन्य पुलिसकर्मियों की भी भूमिका रही.
ये भी पढ़ें: MP में एक कर्मचारी के भरोसे ‘आनंद’! प्रदेश में 3881 सरकारी पद घटे, पर्यटन विभाग भी स्टाफ संकट से जूझ रहा
सरकार की ओर से यह संदेश दिया गया है कि अपराधियों से किसी भी प्रकार की नजदीकी या अनुचित आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जौरा थाने की जिम्मेदारी अन्य अधिकारी को सौंपी गई है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.