मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बच्चों से पूछा- नेता कौन बनेगा? पूरे हॉल में छा गई खामोशी, अकेली छात्रा ने क्या दिया जवाब?
स्कूली बच्चों से बातचीत करते सीएम मोहन यादव
MP CM Interaction with Students: सागर जिले के नरयावली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब उन्होंने छात्रों से पूछा कि बड़ा होकर कौन क्या बनना चाहता है? ज्यादातर बच्चों ने डॉक्टर, कलेक्टर, एसपी और आईएएस बनने की इच्छा जताई, लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री ने पूछा कि नेता कौन बनेगा? पूरे क्लासरूम में खामोशी छा गई. काफी देर बाद सिर्फ एक छात्रा ने हाथ उठाकर कहा कि वह नेता बनना चाहती है.
नरयावली में 27 करोड़ रुपये की लागत से बने सांदीपनी विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम का मौका था, जहां मुख्यमंत्री विद्यार्थियों से बातचीत कर रहे थे. छात्रा के जवाब पर मुख्यमंत्री ने उससे आगे पूछा कि वह किस तरह की नेता बनना चाहती है? जिस पर उसने विधायक बनने की इच्छा जताई.
मुख्यमंत्री ने छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि देश को डॉक्टर, अफसर और इंजीनियरों के साथ अच्छे नेताओं की भी जरूरत है. उन्होंने बच्चों से हाथ उठवाकर संकल्प दिलाया कि वे अच्छे नागरिक, अच्छे किसान और समाज हित में काम करने वाले जिम्मेदार नेता भी बनेंगे.
कार्यक्रम में क्या बोले मुख्यमंत्री?
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश सेवा केवल प्रशासन या सेना में जाकर ही नहीं होती, बल्कि खेती और समाजसेवा के जरिए भी राष्ट्र निर्माण किया जा सकता है. उन्होंने बच्चों से कहा कि संसाधनों का उपयोग सिर्फ निजी सुख के लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए भी होना चाहिए.
अब बदल चुके स्कूलों के हालात
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुरानी और नई शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं भी नहीं थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. उन्होंने छात्रों से कहा कि आज उन्हें बेहतर स्कूल और शानदार सुविधाएं मिल रही हैं, इसलिए वे भाग्यशाली हैं.
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों, मेरिट लिस्ट में जगह पाने वाले छात्रों और 100 फीसदी वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने वाले स्कूल का भी सम्मान किया गया. इस मौके पर जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: MP के किसानों के लिए खुशखबरी, 22 लाख अतिरिक्त मीट्रिक टन गेहूं खरीदी को मंजूरी, राज्य को केंद्र सरकार ने दी स्वीकृति