MP Weather: एमपी में फिर बढ़ी ठंड, 8 शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे, कई जिलों में छाया कोहरा
मौसम
MP Weather: मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम का प्रभाव खत्म होते ही प्रदेश में एक बार फिर सर्दी का असर तेज हो गया है. उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की जा रही है, जबकि रात का तापमान कई शहरों में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है.
8 शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे
मौसम विभाग के अनुसार, बीते एक सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में ओले और बारिश का सिलसिला जारी था, जो गुरुवार को थम गया. इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. बुधवार-गुरुवार की रात ग्वालियर सहित आठ शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा, जबकि 30 से अधिक जिलों में कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा छाया रहा.
प्रदेश में ऐसा रहा मौसम
प्रदेश में सबसे कम तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा. रीवा में 7.2, खजुराहो में 8.2, दतिया में 8.4, दमोह और सतना में 9.6 तथा पचमढ़ी में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल और उज्जैन में 13 डिग्री, इंदौर में 13.2 और जबलपुर में 13.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि ग्वालियर में पारा 9 डिग्री तक पहुंच गया. कोहरे के कारण दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनों की समय-सारणी भी प्रभावित हुई है, जिसमें मालवा, सचखंड और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं.
प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखा गया. ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग के कई जिलों में कोहरा छाया रहा. विभाग का अनुमान है कि 7 फरवरी को हल्का कोहरा बना रहेगा और ठंड का असर जारी रहेगा, हालांकि बारिश की संभावना नहीं है. वहीं 8 फरवरी को भी कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे के हालात बने रहेंगे.
इस बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 10 फरवरी से मावठा गिरने की संभावना जताई है, जिससे एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है.
ये भी पढे़ं- MP में 51 महीनों में 15 हजार e-FIR, थाने में दर्ज हो सकीं केवल 1500, PHQ ने बढ़ाई मॉनिटरिं