Vistaar NEWS

MP News: श्योपुर में दिव्यांग को पत्थरों से पीटा, बरसाए डंडे; घर के सामने रास्ते को लेकर हुआ था विवाद

A disabled person was beaten with sticks in Sheopur.

श्योपुर में दिव्यांग को लाठी-डंडों से पीटा.

Input- हेमकुमार तिवारी

MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. रास्ते के मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब कुछ लोगों ने एक दिव्यांग किशोर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. घटना रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है. घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पीड़ित परिवार पुलिस कार्रवाई से नाराज नजर आ रहा है.

घर के सामने रास्ते को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार मोहनपुर निवासी 18 वर्षीय अमरसिंह पुत्र प्रभु राठौर ने आरोप लगाया है कि घर के सामने रास्ते को लेकर विवाद हुआ था. इसी बात पर गांव के पन्ना राठौर, भौंरु राठौर, माखन राठौर, दिनेश राठौर समेत अन्य लोगों ने दिव्यांग के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. अमरसिंह के सिर और जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं.

पीड़ित हाथ जोड़ता रहा, लेकिन आरोपी पीटते रहे

परिजनों का कहना है कि अमर सिंह दिव्यांग है और पहले भी एक हादसे का शिकार हो चुका है. बताया गया कि बेंगलुरु में मजदूरी के दौरान हुए हादसे में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे. एक हाथ की उंगलियां खराब हो चुकी हैं, जबकि दूसरे हाथ की हड्डी टूटने के कारण वह ठीक से काम नहीं कर पाता. परिवार का आरोप है कि हमला होने के दौरान अमरसिंह हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट जारी रखी.

पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप

घायल किशोर का विजयपुर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है. वहीं पीड़ित पक्ष ने वीरपुर पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस ने केवल एनसीआर दर्ज कर मामले को हल्का करने की कोशिश की है.
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

SDOP बोले- लिखित आवेदन आएगा तो कार्रवाई करेंगे

विजयपुर एसडीओपी राघवेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि अगर पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत आएगी तो उसका परीक्षण कराया जाएगा. मेडिकल रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वहीं पीड़ित के पिता प्रभु राठौर का कहना है कि मेरा बेटा घर के अंदर था और जैसे ही बाहर गाली-गलौज हो रही थी. तो बेटा बाहर आकर केवल यही बोला कि गाली-गलौज क्यों कर रहे हो. इतने में उन्होंने सीधा मेरे निहत्थे दिव्यांग बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया, जबकि पुलिस भी आरोपियों से मिली हुई है. इसलिए हमारी रिपोर्ट भी ठीक से नहीं लिखी. जबकि थाने में आरोपी पक्ष पुलिस के साथ मजाक करते हुए नजर आए. इसलिए हम विजयपुर में एसडीओपी को लिखित शिकायत करेंगे.

ये भी पढे़ं: सड़क पर महिला सफाईकर्मी पर फेंका 55 किलो का पार्सल, कंधे-पसलियों में फ्रैक्चर, झाडू़ लगाने के लिए बस हटाने को कहा था

Exit mobile version