Vistaar NEWS

MP News: ओंकारेश्वर मंदिर में प्रवेश को लेकर विवाद, श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के बीच हुई झड़प

Dispute over entry into Omkareshwar Temple

ओंकारेश्वर मंदिर में प्रवेश को लेकर विवाद

रिपोर्ट – घनश्याम माहिल्या

MP News: प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर मंदिर में झूला पुल से प्रवेश को लेकर श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. जानकारी के अनुसार कुछ श्रद्धालु प्रतिबंधित मार्ग से प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, उसी दौरान मंदिर व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया.

झूला पूल मार्ग आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित

सूत्रों के मुताबिक वर्तमान में सुखदेव मुनि द्वार चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है जिसमें झूला पुल मार्ग आम श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए प्रतिबंधित किया गया है. इसी दौरान कुछ श्रद्धालु जबरन प्रवेश करने लगे, जिससे वहां तैनात कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के दौरान एक कर्मचारी काउंटर पर गिर गया, जिसके बाद अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई.

मंदिर प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है. मंदिर का गर्भगृह छोटा होने के कारण प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण बेहतर तरीके से किया जा सके.

अभद्र व्‍यवहार और मारपीट का आरोप

इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर व्यवस्था में लगे कर्मचारियों के साथ बाहर से आए कुछ श्रद्धालुओं द्वारा अभद्र व्यवहार और मारपीट की जा रही थी, जिसके बाद अन्य कर्मचारी बचाव के लिए पहुंचे. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पहले से ही श्रद्धालुओं के साथ नरमी और संयम से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं.

ये भी पढे़ं- मौत भी न तोड़ सकी ममता का बंधन, ओंकारेश्वर में बंदर की संवेदनशील कहानी ने की सबकी आंखें नम, जानें क्या है मामला

Exit mobile version