सेंट्रल जेल में महिला कर्मचारी से जेलर ने किया दुष्कर्म, पीड़िता को अपने साथ वॉशरूम ले गया था आरोपी
भोपाल: महिला जेल प्रहरी ने जेलर पर लगाए दुष्कर्म के आरोप
Bhopal Crime News: भोपाल की सेंट्रल जेल में महिला प्रहरी से दुष्कर्म का चौंका देने वाला मामला सामने आया है. पीड़ित महिला कर्मचारी ने जेलर मग्नू सिंह मरावी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस थाने ने आरोपी जेलर के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य घाराओं में FIR दर्ज कर ली है.
अश्लील बातचीत, फिर वॉशरूम में ले गया
महिला जेल प्रहरी ने पुलिस को बताया कि रात 10.30 बजे जब वह जेल में गश्त पर थी. इसी दौरान जेलर मग्नू सिंह मरावी वहां पहुंचा. पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि जेलर उससे आपत्तिजनक और अश्लील बातें करने लगा. इसके बाद जबरदस्ती वॉशरूम ले गया. वहां दुष्कर्म किया गया. महिला ने दावा किया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि इसकी जानकारी किसी को नहीं देना. डरी और सहमी महिला गांधीनगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. केंद्रीय जेल पहुंचकर पुलिस ने निरीक्षण भी किया.
मामले में जेल प्रशासन ने दी सफाई
जेल के भीतर महिला कर्मचारी से दुष्कर्म किए जाने को लेकर जेल प्रशासन की ओर से सफाई सामने आई है. कहा गया है कि महिला ने पहले भी अधिकारियों और दूसरे कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की है. सेवा पुस्तिका में सेवा आचरण को लेकर सवाल उठाए गए. इसके साथ ही साल 2003 में महिला कर्मचारी की सर्विस बुक में प्रतिकूल टिप्पणियों के होने का जिक्र किया.
पहले भी जेल अधीक्षक पर लगाए आरोप
भोपाल जेल प्रशासन की ओर से कहा गया कि साल 2004 में महिला जेल प्रहरी ने तत्कालीन जेलर पर आरोप लगाए थे. इसके बाद 2018 में तीन कर्मचारियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था. महिला ने साल 2021 में एक मुख्य प्रहरी के खिलाफ अश्लील व्यवहार को लेकर शिकायत की थी. वहीं, इसी साल एक अन्य प्रहरी के संबंध में महिला ने धमकाने का आरोप लगाया था. जेल प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि इसी साल मेन गेटकीपर ने महिला के खिलाफ गाली-गलौज करने और धमकाने के आरोप लगाए थे.
पुलिस का क्या कहना है?
इस पूरे मामले में ACP शशांक जैन ने बताया कि महिला जेल प्रहरी की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है. फिलहाल जेल मग्नू सिंह मरावी की गिरफ्तारी नहीं की गई है. इस मामले में अलग-अलग साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही ड्यूटी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों को जांचा जा रहा है. इसके साथ ही उनका कहना है कि इस संबंध में अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी. महिला के बयान और मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी.



