टाइम पर नहीं मिली एंबुलेंस, नहीं मिला सही इलाज! रायसेन में युवक की मौत पर भड़के परिजन, शव हाईवे पर रख किया चक्काजाम
परिजनों ने किया चक्काजाम
MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानगंज में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है. सोमवार रात एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव को रखकर चक्काजाम कर दिया. दरअसल, देगुवा गांव के रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान देने का प्रयास किया था, जिसे परिजनों ने गंभीर हालात में सुल्तानगंज के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया था.
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डाॅक्टर और 108 एंबुलेंस के नहीं मिलने के कारण युवक का समय रहते इलाज नहीं हो पाया, जिसके चलते उसकी जान चली गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम को खाेला गया.
विवाद के चलते लगाई थी फांसी
जानकारी के मुताबिक, देगुवा गांव के रहने वाले आदित्य शिल्पकार का सोमवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इस विवाद के बाद उसने घर के पास एक आम के पेड़ पर फांसी लगाने का प्रयास किया. परिजनों ने उसे समय रहते फंदे से नीचे उतार लिया और गंभीर हालत में तुरंत सुल्तानगंज के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे.
समय पर नहीं मिली एंबुलेंस
पूरे मामले पर परिजनों का आरोप है कि जब वे आदित्य को अस्पताल लेकर पहुंचे, तो वहां कोई भी डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं था. उस समय केवल अस्पताल में एक स्टाफ नर्स और एक दाई मौजूद थीं. परिजनों के अनुसार, गंभीर हालत में होने के बाद भी युवक को न तो कोई उचित उपचार मिला और ना ही उसे बड़े अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस की ठीक व्यवस्था मिल पाई. परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण आदित्य ने दम तोड़ दिया.
हाइवे पर शव रखकर किया चक्काजाम
अस्पताल प्रबंधन की इस बड़ी लापरवाही पर परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया. सोमवार रात को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुल्तानगंज बस स्टैंड चौराहे पर युवक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया. परिजनों के प्रदर्शन के कारण हाईवे पर लंबा जाम ल गया. दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया. सूचना मिलने पर प्रशानिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन को खत्म करवाया गया.
ये भी पढे़ं- Bhopal: नौवीं की छात्रा ने लगाई फांसी, कूलर के सामने सोने को लेकर भाई से हुआ था झगड़ा