MP News: सीने में जलन के बाद खाया तरबूज, पिता ने तोड़ा दम, बेटा जिंदगी की जंग लड़ रहा
श्योपुर में तरबूज खाने से पिता की मौत, बेटा गंभीर
रिपोर्ट – हेम कुमार तिवारी
MP News: श्योपुर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. सीने में जलन की शिकायत के बाद तरबूज खाने वाले पिता-पुत्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई. हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता को कोटा रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं बेटे की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
किराए के मकान में रहते थे पिता-पुत्र
मिली जानकारी के अनुसार इंद्र सिंह परिहार (43) पिता कर्म सिंह निवासी सुसनेर जिला शाजापुर, श्योपुर में रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहे थे. वह ड्राइवरी और भाड़े का काम करते थे तथा स्थानीय वाहन मालिक वसीम कुरैशी की गाड़ी चलाते थे. परिवार के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे इंद्र सिंह और उनके 21 वर्षीय बेटे विनोद को अचानक सीने में तेज जलन और घबराहट महसूस हुई. इसी दौरान दोनों ने तरबूज खाया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी.
गंभीर हालत में कोटा रेफर किया
परिजन तत्काल दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इंद्र सिंह की हालत लगातार नाजुक होती गई. डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर स्थिति में कोटा रेफर कर दिया. परिजन एंबुलेंस से उन्हें कोटा लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही इंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया. घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
बेटे का इलाज जारी
वहीं बेटे विनोद का जिला अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और चर्चा का माहौल है. फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि मामला फूड पॉइजनिंग का है या किसी अन्य वजह से तबीयत बिगड़ी. डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा.
मृतक इंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी संगीता, बेटे विनोद, राजा और देवा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. परिवार की महिला सदस्य राधिका भी श्योपुर में उनके साथ रहती थीं. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेने के लिए इटावा रवाना हो गए हैं. इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को गंभीरता से लेने और खाने-पीने की चीजों में सावधानी बरतने की सीख दी है.
ये भी पढे़ं- MP News: SDM के आदेश से मिली जमीन पर जुताई करने पहुंचे दलित परिवार पर हमला, लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप