Vistaar NEWS

MP News: मुरैना में टूटा नाला बना आफत, जलभराव से परेशान हुए रहवासी, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

Broken drain becomes a menace in Morena.

मुरैना में टूटा नाला बना आफत

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना शहर के वार्ड क्रमांक 46 स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जलभराव और जाम नाले की समस्या से रहवासी लंबे समय से परेशान हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ समय पहले नगर निगम ने पुराने नाले को तोड़ दिया था, लेकिन आज तक उसका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया. इसके कारण नाला पूरी तरह जाम हो गया है और बारिश के दौरान गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनसुनवाई और नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर निगम की ओर से समस्या के समाधान के लिए गंभीरता नहीं दिखाई गई.

पेयजल लाइन के पास जलभराव

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन के आसपास गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है. बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य रहवासियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नाला निर्माण और सफाई की उठाई मांग

रहवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द नाले का निर्माण कराने, जाम नाले की सफाई करवाने और सुरक्षित आवागमन के लिए पक्की पटिया रखने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बारिश के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं तथा कॉलोनी के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

ये भी पढे़ं- Morena: सबलगढ़ में 2 घंटे में लूट और छेड़छाड़ की दो वारदातें, थाने के सामने दंपती को बनाया निशाना

Exit mobile version