Morena: सबलगढ़ में 2 घंटे में लूट और छेड़छाड़ की दो वारदातें, थाने के सामने दंपती को बनाया निशाना

Morena: सबलगढ़ कस्बे में बुधवार रात महज दो घंटे के भीतर लूट, छेड़छाड़ और मारपीट की दो सनसनीखेज घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
Morena News

छेड़छाड़ की वारदात

Morena/मनोज शर्मा: सबलगढ़ कस्बे में बुधवार रात महज दो घंटे के भीतर लूट, छेड़छाड़ और मारपीट की दो सनसनीखेज घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. सबसे हैरान करने वाली वारदात सबलगढ़ थाने के सामने हुई, जहां बदमाशों ने दंपती को रोककर महिला से छेड़छाड़ की, पति के साथ मारपीट की और मंगलसूत्र व नकदी लूटकर फरार हो गए. हालांकि वारदात के दौरान गिरा अपना मोबाइल लेने लौटे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए.

पहली घटना

जानकारी के अनुसार पहली घटना शाम करीब 7:30 बजे की है. जन्मदिन पार्टी में जा रही एक महिला और उसके देवर को 7-8 बदमाशों ने घेर लिया. आरोपियों ने देवर की बेरहमी से पिटाई कर उसे घायल कर दिया और महिला के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र, कानों की बालियां तथा करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

रात 9 बजे दूसरी वारदात

करीब डेढ़ घंटे बाद रात 9 बजे दूसरी वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए. सबलगढ़ थाने के सामने से गुजर रहे दंपती को पांच से अधिक बदमाशों ने रोक लिया. आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की. पति द्वारा विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई कर दी और महिला का मंगलसूत्र व नकदी लूटकर भाग निकले.

आरोपियों की तलाश में में जुटी पुलिस

घटना के दौरान एक बदमाश का मोबाइल मौके पर गिर गया, जिसे पीड़ित महिला ने अपने पास रख लिया. कुछ देर बाद जब आरोपी मोबाइल लेने वापस लौटा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं.

संबलगढ़ कस्बे में दहशत का माहौल

लगातार हुई इन दो वारदातों से पूरे संबलगढ़ कस्बे में दहशत का माहौल है. पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाने के सामने ही ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है.

ये भी पढ़ें: MP News: उफनते नदी-नालों के बीच जान हथेली पर रखकर ग्रामीण कर रहे सफर, स्कूल पहुंचने के लिए मौत का जोखिम उठा रहे बच्चे

ज़रूर पढ़ें