दतिया के भूटान बैराज में नहाने गए एक ही परिवार के तीन लोग पानी में डूब गए. हादसे में बेटे को बचाने पानी में उतरे पिता की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय बेटा और उसका मामा अब भी लापता हैं. पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाश रोकनी पड़ी. सोमवार सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया जाएगा.
भूटान बैराज में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा
दतिया के रेड़ा गांव स्थित भूटान बैराज में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल, गांव के रहने वाले 40 वर्षीय महेंद्र रजक अपने 15 वर्षीय बेटे आर्यन और साले पवन के साथ नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान आर्यन गहरे पानी में चला गया. बेटे को डूबता देख पिता महेंद्र उसे बचाने पानी में उतर गए. दोनों को मुश्किल में देख मामा पवन भी बैराज में कूद पड़े, लेकिन तीनों पानी में डूब गए.
गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू शुरू किया. बाद में एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची. करीब एक घंटे की तलाश के बाद महेंद्र का शव पानी में खरपतवार के बीच फंसा मिला, लेकिन आर्यन और पवन का कोई सुराग नहीं लग सका. बैराज के गेट खुले होने के कारण दोनों के नहर की ओर बहने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने एहतियातन नहर बंद करा दी है.
साढ़े तीन घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन को शाम साढ़े छह बजे अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा. अब सोमवार सुबह पुलिस और एनडीआरएफ की टीम दोबारा तलाश अभियान शुरू करेगी. बताया जा रहा है कि महेंद्र की बेटी की शादी दो दिन पहले ही हुई थी और घर में शादी के बाद रिश्तेदार रुके हुए थे. बेटी की विदाई के दो दिन बाद हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया.
