MP News: मुरैना में शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो शिक्षक निलंबित, देवी-देवताओं के अपमान की शिकायत पर गिरी गाज

MP News: मुरैना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मुरैना जिले के दो शासकीय कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
Teacher suspended for remarks about God.

भगवान पर टिप्‍पणी करने पर शिक्षक निलंबित

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मुरैना जिले के दो शासकीय कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. दोनों के निलंबन आदेश 25 अगस्त 2026 को जारी किए गए हैं.

पहला मामला पोरसा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खरगपुरा से जुड़ा है. आदेश के मुताबिक प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यप्रकाश कैन के खिलाफ विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मध्याह्न भोजन के बाद भोजन में उपयोग किए गए बर्तनों की सफाई कराने संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिन में जवाब मांगा गया था. विभाग ने उनके जवाब को समाधानकारक नहीं माना.

सिविल सेवा नियम के तहत किया निलंबित

इसके बाद सत्यप्रकाश कैन को मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के उपनियम 09 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबाह निर्धारित किया गया है.

दूसरी कार्रवाई सबलगढ़ के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्रयोगशाला सहायक बाबू सिंह दुलावत के खिलाफ की गई है. आदेश में उल्लेख है कि उनके विरुद्ध विद्यालय में प्रतिदिन बोर्ड पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान संबंधी कथित सामग्री लिखने की शिकायत प्राप्त हुई थी. मामले में कारण बताओ सूचना जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन विभाग ने प्रस्तुत उत्तर को समाधानकारक नहीं पाया.

निलंबन की अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा

जिला शिक्षा अधिकारी ने बाबू सिंह दुलावत को भी सिविल सेवा नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कैलारस निर्धारित किया गया है.

दोनों कर्मचारियों को निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. आदेश की प्रतियां कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संबंधित विद्यालयों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में दो जॉब कार्डों पर एक ही मजदूर का फोटो, मनरेगा योजना में गड़बड़ी पर उठे सवाल

ज़रूर पढ़ें