गुना में खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों का दर्द सुन भड़के सिंधिया, कलेक्टर से बोले- तुरंत पेन-पैड निकालिए और नोट कीजिए
मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
MP News: गुना दौरे के दूसरे दिन केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने खाद की समस्या को लेकर कई किसान अपनी शिकायत लेकर पहुंचे. सर्किट हाउस में किसानों ने खाद की कमी, कथित कालाबाजारी और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी. एक किसान ने भावुक होकर कहा कि महाराज, जिंदगी माला पहनाते-पहनाते निकल गई, लेकिन अपने खेत के लिए दो बोरी खाद तक नहीं मिल पा रही है. किसान की बात सुनकर सिंधिया ने कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई करने को कहा.
कलेक्टर से कहा- हर किसान की शिकायत दर्ज करें
किसानों की शिकायत सुनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को सभी मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने जब ठीक है कहा, तो सिंधिया ने उन्हें रोकते हुए कहा कि केवल ठीक है कहने से काम नहीं चलेगा, शिकायतों को लिखित रूप में दर्ज किया जाए. उन्होंने पेन और पैड निकालकर प्रत्येक किसान का नाम और मोबाइल नंबर नोट करने को कहा. इसके बाद कलेक्टर ने मौके पर किसानों की शिकायतें और उनके संपर्क नंबर दर्ज किए.
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था पर किसानों ने उठाए सवाल
ग्रामीण क्षेत्रों और पगारा से आए किसानों ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की. किसानों का आरोप है कि खाद की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद पोर्टल पर सभी टोकन खत्म दिखाई देने लगते हैं. उन्होंने व्यवस्था में गड़बड़ी और बिचौलियों की भूमिका की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की. सिंधिया ने किसानों को भरोसा दिलाया कि शिकायतों की पूरी जानकारी जुटाकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
जिला अस्पताल में रक्तदाताओं से मिले सिंधिया
जनसुनवाई के बाद सिंधिया जिला अस्पताल पहुंचे. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था. सिंधिया ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से रक्तदाताओं को जूस पिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया.
रक्तदान को बताया महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा
सिंधिया ने रक्तदान करने वालों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है. एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में मदद कर सकता है. अपने चार दिवसीय गुना प्रवास के दौरान सिंधिया विकास कार्यों के लोकार्पण, जनसंवाद और लोगों की समस्याएं सुनने से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं.
ये भी पढे़ं- कौन हैं ASI वीरेंद्र तिवारी? जिन्हें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया सम्मानित, बहादुरी की जमकर की तारीफ