इंदौर में शिशुकुंज स्कूल में लंच के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत, पेट दर्द और उल्टी के बाद हंगामा; 35 अभिभावकों ने की शिकायत
इंदौर के शिशुकुंज स्कूल के खाने से तबीयत बिगड़ने के बाद अभिभावकों का जमकर हंगामा.
MP News: इंदौर के झलारिया स्थित शिशुकुंज स्कूल में शनिवार को लंच के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई, जिसके बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई. सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ पेरेंट्स स्कूल परिसर में नाराजगी जताते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
30-35 अभिभावकों ने ईमेल करके शिकायत की
स्कूल प्रबंधन की ओर से कॉर्डिनेटर रिचा तिवारी ने बताया कि स्कूल में भोजन और पानी की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाता है. उन्होंने कहा कि किचन खुला है, आरओ का पानी उपयोग किया जाता है और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. प्रबंधन के अनुसार किसी बच्चे के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी नहीं है, लेकिन स्कूल की मेल आईडी पर 30 से 35 अभिभावकों के ईमेल प्राप्त हुए हैं, जिनमें बच्चों के बीमार होने की शिकायत दर्ज कराई गई है.
स्कूल मैनेजमेंट बोला- सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है
अभिभावकों के हंगामे का वीडियो सामने आया है. इसमें बड़ी संख्या में पैरेंट्स स्कूल के अंदर पहुंचे हुए हैं. इस दौरान स्कूल स्टाफ के 2-3 लोग अभिभावकों को समझाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि अभिभावक मानने को तैयार नहीं हैं, उन्होंन जमकर हंगामा किया. वीडियो में एक अभिभावक ये कहते नजर आ रहा है कि हम लोग आधे घंटे से यहां पर खड़े हैं, लेकिन आप लोग कुछ समझ ही नहीं रहे हैं. कोई भी आदमी सुनवाई करने वाला नहीं है. वहीं पूरे मामले पर मैनेजमेंट का कहना है कि स्कूल के खाने में कहीं कोई भी दिक्कत नहीं है. साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है. सीसीटीवी कैमरे लगाकर खाना बनाया जाता है.
ये भी पढे़ं: CMO को ही लेना पड़ा CM हेल्पलाइन का सहारा, लखनादौन में दूषित पानी की सप्लाई के लिए शिकायत की