Morena: 70 साल पीछे लौटा गांव! दलदल में कैद ग्रामीण, छात्र शिक्षा से वंचित, मरीज ट्रैक्टर के सहारे अस्पताल पहुंचने को मजबूर
बारिश में बदहाल सड़क
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना में अंबाह विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिंडवा से विकास के दावों की पोल खोलता एक वीडियो सामने आया है. ग्रामीणों ने वीडियो जारी कर गांव की बदहाल सड़क और नारकीय हालात दिखाते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद आज भी गांव तक पहुंचने के लिए केवल कच्चा रास्ता है, जो बारिश के चलते पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका है.
स्कूली छात्र और मरीज सबसे ज्यादा परेशान
हालात ऐसे हैं कि स्कूली छात्र समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं. बुजुर्ग और मरीज अस्पताल जाने के लिए ट्रैक्टर या अन्य साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं. यदि कोई चार पहिया वाहन इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करता है, तो वह कीचड़ में फंस जाता है और उसे दूसरे वाहन की मदद से खींचकर बाहर निकालना पड़ता है.
कई बार की शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अंबाह एसडीएम को आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी तब तक नहीं जागेंगे, जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता.
जनप्रतिनिधियों पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि वे अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाते हैं, तो उन्हें गंभीरता से सुनने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि जब विकास के दावे किए जा रहे हैं, तो बिंडवा जैसे गांव आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से क्यों वंचित हैं?
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे. साथ ही उन्होंने वीडियो को अधिक से अधिक साझा कर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक अपनी आवाज पहुंचाने की अपील की है.